CG BREAKING NEWS : जनपद कार्यालय में घुसकर एसडीओ एवं इंजीनियर को पीटा ठेकेदार ने, आरोपी के खिलाफ हुई एफआईआर

CG BREAKING NEWS : जनपद कार्यालय में घुसकर एसडीओ एवं इंजीनियर को पीटा ठेकेदार ने, आरोपी के खिलाफ हुई एफआईआर


सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 07 जून ।बलरामपुर जिले के राजपुर जनपद पंचायत कार्यालय में घुसकर ठेकेदार ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के एसडीओ एवं इंजीनियर को कार्यालय में घुसकर जमकर पीटा । ठेकेदार अपने दो साथियों के साथ कार्यालय में पहुंचा था। उसने कार्यालय में हंगामा मचाते हुए फाइलों को भी फाड़ दिया। आक्रोशित जनपद कर्मियों ने भी ठेकेदार व साथियों के साथ मारपीट कर दी। ठेकेदार व दो साथियों के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर का ठेकेदार राजेश सिंह अपने दो साथियों के साथ गुरूवार शाम करीब 4 बजे पुलिसकर्मियों द्वारा उपयोग किया जाने वाला डंडा लेकर जनपद कार्यालय में घुसा। राजेश सिंह ने गालीगलौज करते हुए आरईएस के एसडीओ धमेंद्र गुप्ता की पिटाई शुरू कर दी। बीच बचाव करने आए सब इंजीनियर सुनील टोप्पो को भी ठेकेदार राजेश सिंह एवं साथियों ने पीट दिया। ठेकेदार ने कार्यालय में रखे फाइलों को भी फाड़ दिया।

घंटेभर हंगामा, ठेकेदार व साथियों से भी मारपीट

मारपीट की घटना से जनपद कार्यालय में हंगामें की स्थिति बन गई। सभी कर्मचारी दफ्तर से बाहर निकल आए एवं जनपद कार्यालय का दरवाजा बंद कर ठेकेदार राजेश सिंह एवं साथियों की भी पिटाई कर दी। बताया जाता है कि मामले की सूचना राजपुर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। एसडीओ धर्मेन्द्र गुप्ता, सब इंजीनियर सुनील टोप्पो सहित जनपद के कर्मचारी एवं वहां मौजूद राजपुर विकासखण्ड के कई सरपंच, सचिव थाने पहुंचे एवं थाने का घेराव कर दिया। इस दौरान जनपद सदस्य नीरज तिवारी एवं राजपुर के नागरिक भी अधिकारियों के समर्थन में राजपुर पुलिस थाना पहुंचे और तत्काल कार्यवाही की मांग की।राजपुर पुलिस ने ठेकेदार राजेश सिंह एवं साथियों का मुलाहिजा कराया। चोट के कारण राजेश सिंह को जांच के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

क्या है मामला

इंजीनियर सुनील टोप्पो ने बताया कि बलरामपुर के ठेकेदार राजेश सिंह के द्वारा 50 सीटर हॉस्टल बिल्डिंग का निर्माण गोपालपुर में कराया जा रहा है। इसे पिछले साल ही हैंडओव्हर करना था, लेकिन काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है। ठेकेदार द्वारा कराए गए कार्य से अधिक मूल्यांकन का दबाव डाला जा रहा था, जिसे अधिकारियों ने करने से मना कर दिया था। इसे लेकर ठेकेदार ने धमकी दी थी और चेक काटने की बात कहते जनपद कार्यालय में घुसकर मारपीट की।

पुलिस ने दर्ज़ की एफआईआर

आज एसडीओ और इंजीनियर की रिपोर्ट पर मामले में राजपुर पुलिस ने ठेकेदार राजेश सिंह एवं दो साथियों के खिलाफ सब इंजीनियर सुनील टोप्पो की रिपोर्ट पर धारा 294, 506, 323, 353, 332, 186, 34 एवं एक्ट्रोसिटी एक्ट की धारा 3 (1) (2) के तहत अपराध दर्ज किया है।