सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क, 19 फरवरी। खमतराई हत्याकांड के आरोपियों के अवैध निर्माण को आज नगर निगम ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। आरोपियों के एक अवैध कब्जे को कल भी गिराया गया था।
मालूम हो कि बीते बुधवार की देर रात अटल चौक में एक नाबालिग सहित पांच लोगों ने मिलकर बाइक सवार दो युवकों पर फावड़ा, गैती, लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था, जिससे खमतराई हाउसिंग बोर्ड निवासी युवक पंकज उपाध्याय की मौत हो गई थी, साथ ही उसका दोस्त कल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने मामले में तिलकेश सूर्यवंशी, रूपेश सूत्रे, शिव सूत्रे, गोपी सूर्यवंशी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद परेड निकाल कर कोर्ट में इन्हें पेश किया गया था।
मृतक पंकज के परिजनों ने गृह मंत्री विजय शर्मा को फोन करके आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
नगर निगम ने मुक्तिधाम के पास किए गए आरोपियों के एक कब्जे को रविवार को गिरा दिया था। आज उनके घर के सामने के अवैध निर्माण को बुलडोजर चला कर गिरा दिया गया। किसी आपराधिक में शहर में यह पहली ऐसी कार्रवाई है।

