🔴स्टील फैक्ट्री में बदल ली थी पहचान, पुलिस सत्यापन की लापरवाही भी उजागर
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 7 जून 2026। बिहार के चर्चित गैंगरेप, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को रायपुर ग्रामीण पुलिस और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कई वर्षों से रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर एक निजी स्टील कंपनी में नौकरी कर रहा था।
पुलिस के अनुसार अजय यादव के खिलाफ वर्ष 2019 में बिहार के महिला थाना जहानाबाद में गैंगरेप, हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचनाओं के आधार पर बिहार पुलिस को आरोपी के रायपुर में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद जहानाबाद पुलिस की विशेष टीम रायपुर पहुंची और सिलतरा चौकी पुलिस के साथ संयुक्त अभियान शुरू किया।
सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में की गई जांच के दौरान पता चला कि आरोपी एक निजी स्टील कंपनी में कार्यरत है और वर्षों से अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर रह रहा है। संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे बिहार पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस सत्यापन में लापरवाही भी उजागर
कार्रवाई के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया। जिस निजी कंपनी में आरोपी कार्यरत था, वहां कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कंपनी प्रबंधन को नोटिस जारी करने और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सभी उद्योगों, फैक्ट्रियों और प्रतिष्ठानों को कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने की चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा संबंधी नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ भविष्य में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त अभियान में इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस ऑपरेशन में सिलतरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कंवर, परिवीक्षाधीन उपनिरीक्षक किशन लाल, एएसआई रमेश शर्मा, आरक्षक राजकुमार चौबे और अर्जुन कुर्रे सहित बिहार के जहानाबाद पुलिस दल की उपनिरीक्षक सुरूचि शर्मा, एएसआई धनंजय कुमार, आरक्षक श्रीराम साहू, बंशी कुमार, मिंटू कुमार एवं महिला आरक्षक कोमल कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायपुर से बिहार तक चली इस संयुक्त कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने वर्षों से फरार एक इनामी आरोपी को कानून के शिकंजे तक पहुंचा दिया।

