CG Breaking : कार में मिले 212 किलो चांदी के जेवर, दो लोग गिरफ्तार

CG Breaking : कार में मिले 212 किलो चांदी के जेवर, दो लोग गिरफ्तार


🛑 सूचना दी आयकर एवं जीएसटी विभाग को

सीजी न्यूज ऑनलाइन 31 जनवरी । आज वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से करीब 212 किलोग्राम बिना बिल के चांदी के जेवरों के साथ 2 लोगों को सरिया पुलिस ने पकड़ा।

जिले के कंचनपुर बेरियर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक सफेद रंग के हुंडई वेन्यू कार क्रमांक सीजी 04 एनजेड 2277 को रोका गया, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे।

नाम पता पूछने पर वाहन चालक ने अपना नाम पप्पू साहू व बगल सीट में बैठा व्यक्ति रामरूची पटेल दोनों निवासी मुजगहन जिला रायपुर का होना बताये।

वाहन की तलाशी लेने पर वाहन के पीछे डिक्की में एवं पीछे सीट में कुल 22 नीला, काला, कत्था, हरा रंग के छोटे बड़े बैग व 1 सफारी कंपनी के अटैची के अंदर विभिन्न प्रकार के चांदी के आभूषण एवं 5 अलग- अलग साईज के चांदी की सिल्ली मिली।

पूछताछ करने पर दोनों के द्वारा उक्त चांदी के आभूषण को रायपुर से ओडिशा होते हुए सरिया सारंगढ़ की ओर परिवहन करना बताये। चांदी के आभूषण को रखने एवं परिवहन करने के संबंध में दस्तावेज पेश करने कहा गया। दोनों के द्वारा किसी प्रकार का दस्तावेज नहीं होना बताया गया।

संदेहियों के संयुक्त कब्जे से विभिन्न प्रकार के चांदी के आभूषण एवं चांदी के सिल्ली कुल वजनी 212.600 किलोग्राम कीमती लगभग 1 करोड़ 91 लाख 60 हजार रूपये एवं परिवहन में प्रयुक्त कार क्रमां. सीजी 04 एनजेड 2277 कीमती करीब 15 लाख रु. को धारा 106 बीएन एसएस के तहत् जब्त किया गया। कार्रवाई की सूचना आयकर विभाग एवं जीएसटी विभाग को दी गई।