सीजी न्यूज ऑनलाइन, 8 अगस्त। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मुंबई के एक जौहरी से 20 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में ईडी के एक सहायक निदेशक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सीबीआई के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तीन और चार अगस्त को जौहरी के परिसरों पर छापेमारी की थी जिसके बाद सहायक निदेशक संदीप सिंह यादव ने उन्हें 25 लाख रुपये न देने पर जौहरी के बेटे को गिरफ्तार करने की कथित तौर पर धमकी दी थी। अधिकारियों ने बताया कि बातचीत के दौरान 20 लाख रुपये की रिश्वत देने पर बात तय हुई। उन्होंने बताया कि ईडी के अधिकारी यादव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

