सीजी न्यूज ऑनलाइन, 29 मई 2026। SBI बैंक बिल्हा शाखा में करोड़ों रुपये के गबन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कैश ऑफिसर तेजबथ शिरष्यात्मा के खिलाफ विशेष न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया है। मामले में अन्य संदिग्धों की जांच अभी जारी है।
बैंक मैनेजर की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
जानकारी के अनुसार भारतीय स्टेट बैंक शाखा बिल्हा जिला बिलासपुर के ब्रांच मैनेजर की लिखित शिकायत पर मुंगेली पुलिस ने 19 जनवरी 2026 को अपराध क्रमांक 03/2026 दर्ज किया था।
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धाराओं के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
बैंक खातों में की गई फर्जी एंट्री
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कैश ऑफिसर तेजबथ शिरष्यात्मा ने 19 अक्टूबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच बैंक के बीओजीएल खातों में अनाधिकृत प्रविष्टियां कीं।
आरोपी ने बैंक ग्राहकों के खातों का उपयोग करते हुए बैंक के आंतरिक खातों में फर्जी और झूठी एंट्री कर करोड़ों रुपये का गबन किया।
20 करोड़ से ज्यादा के गबन का आरोप
जांच के मुताबिक आरोपी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर आरटीजीएस के माध्यम से बड़ी रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर की। इस रकम का उपयोग भोजन, पेय पदार्थ, संपत्तियों के रखरखाव और अन्य खर्चों में किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा करीब 20 करोड़ 63 लाख 76 हजार रुपये के गबन का मामला सामने आया है।
फरवरी में हुई थी गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 26 फरवरी 2026 को आरोपी तेजबथ शिरष्यात्मा को गिरफ्तार किया था।
विशेष न्यायालय में पेश हुआ चालान
प्रकरण में विवेचना पूरी कर पुलिस ने 26 मई 2026 को आरोपी के खिलाफ विशेष न्यायालय बिलासपुर में चालान पेश कर दिया है।
अन्य आरोपियों की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों और संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे और कार्रवाई की जाएगी।

