भिलाई में कार चालक से मारपीट, तोड़ फोड़ करने वाले एक दर्जन लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज, सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

<em>भिलाई में कार चालक से मारपीट, तोड़ फोड़ करने वाले एक दर्जन लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज, सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस</em>



भिलाई नगर, 27 जनवरी। एक युवक ने नशे में कार चलाते हुए कल कुछ बारातियों को टक्कर मार दी। इसके बाद मोहल्लेवालों और बारातियों में मिलकर कार चालक व उसके दोस्त को बुरी तरह मारा। इतना ही नहीं उन्होंने कार में भी तोड़फोड़ की है। इस मामले में सुपेला पुलिस ने 12 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सुपेला पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 26 जनवरी को देवांगन परिवार की शादी थी। उनके यहां आई बारात रात में नूरी मस्जिद की तरफ जा रही थी। इसी दौरान राम नगर सुपेला निवासी दीपक सिंह (35 वर्ष) अपने दोस्त संदीप कुमार जागीर के साथ नूरी मस्जिद की तरफ जा रहा था। गाड़ी सीजी 04 एलजी 7660 को संदीप चला रहा था। पुलिस के मुताबिक संदीप काफी नशे में था और तेज रफ्तार में कार को चला रहा था। नूरी मस्जिद के पास अचानक भीड़ देख करर वह संतुलन खो बैठा और कार सड़क किनारे रखी दुकानों की टेबल से टकरा गई। इसके बाद कार ने दो तीन बरातियों को टक्कर मार घायल कर दिया। यह देख वहां के लोग और बाराती भड़क गए। उन्होंने कार में जमकर तोड़ फोड़ कर भीड़ ने कार चालक संदीप कुमार को इतना मारा कि उसका मुंह फट गया, हाथ पैर और शरीर में भी काफी चोटें आई। सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और‌ घायल को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। यहां घायल का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि कार चालक को मार कर और कार में तोड़ फोड़ कर लोगों ने कानून को अपने हाथ में लिया है। यदि कार चालक ने एक्सीडेंट किया था तो उन्हें इसकी शिकायत पुलिस में करनी चाहिए थी। पुलिस ने दीपक सिंह की शिकायत पर 10 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और गाली गलौज करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।