कैम्प-2 में जुआ फड़ पर छावनी पुलिस की दबिश, चार गिरफ्तार

कैम्प-2 में जुआ फड़ पर छावनी पुलिस की दबिश, चार गिरफ्तार


🔴बाबा कॉलोनी के मंच के पास चल रहा था 52 पत्ती से जुआ

भिलाईनगर, 20 सितंबर 2026 । छावनी थाना पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कैम्प-2 स्थित बाबा कॉलोनी के मंच के पास जुआ खेल रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹3,310 नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। कार्रवाई 19 सितंबर 2026 को टाउन पेट्रोलिंग एवं अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर की गई।

पुलिस के मुताबिक टाउन पेट्रोलिंग एवं अभियान कार्रवाई के लिए छावनी पुलिस रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाबा कॉलोनी मंच के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि चार लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया।

चार आरोपियों पर मामला दर्ज

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रेम प्रकाश चौधरी (42), संतोष सोनकर (41), देव प्रसाद (51) और शिव कुमार चौधरी (58) के रूप में की है। सभी कैम्प-2 क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास और जुआ फड़ से कुल 3,310 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश बरामद की। जब्ती की कार्रवाई गवाहों के समक्ष की गई।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पाए जाने पर मौके पर गिरफ्तार किया गया। अपराध जमानतीय होने के कारण आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

मामले में छावनी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 0646/2026 दर्ज कर चारों आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण को विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही गई है।