भिलाई नगर, 27 जनवरी। विगत दिनों बारहवीं के छात्र शिवम की हत्या के मामले में पकड़े गए आरोपियों के घर नोटिस जाने के बात तीन दिन का अल्टिमेटम समय आज पूरा हो रहा है, नोटिस के अनुसार निगम प्रशासन ने आरोपियों को तीन दिन का समय दे अपने भूखंड तथा मकान का दस्तावेज निगम कार्यालय में प्रस्तुत करने कहा था। जानकारी मिली है कि आरोपी अपने घर या कब्जे का कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए हैं, जिससे आशंका है कि वे सभी अवैध निर्माण या कब्जा कर रह रहे थे।
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के त्वरित आदेश के बाद अब निगम कड़ी कार्रवाई के मूड में है। जानकारी मिली है कि संभवतः 28 जनवरी को बुलडोजर कार्रवाई हो सकती है। दूसरी तरफ खबर यह भी है कि अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के समर्थन में संबंधित वार्ड के लोग भी खासे उत्साहित हैं। इसके लिए लोगों ने विगत दिनों जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंप कर बढ़ते अपराध को रोकने ऐसी कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता जताई है।

