🔴 जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि कराई गई कब्जा मुक्त
दुर्ग, 10 मार्च 2026। जिले के जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत ग्राम समोदा में जिला प्रशासन ने अफीम की खेती के आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार के द्वारा किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि को कब्जे से मुक्त कराया।
कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बुलडोजर के सहयोग से अतिक्रमण को ढहा दिया गया।

अतिरिक्त तहसीलदार श्रीमती क्षमा यदु के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक मंडल जेवरा-सिरसा, तहसील दुर्ग के अंतर्गत ग्राम समोदा की शासकीय घास भूमि खसरा नंबर 778, रकबा 0.13 हेक्टेयर पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। यहां अवैध रूप से पक्का दुकान निर्माण, टीन शेड लगाकर दुकान और सीमेंट पोल लगाकर तार घेरा बनाया गया था, जिसे प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया।
बताया गया कि अफीम की फसल के आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार पिता गिरजा शंकर ताम्रकार 58 वर्ष के भाई ग्राम समोदा निवासी ब्रजेश ताम्रकार पिता गिरजाशंकर ताम्रकार द्वारा उक्त शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से निर्माण हटाते हुए भूमि को रिक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक रेखा शुक्ला, पटवारी चन्द्रिका प्रसाद खरें, शत्रुहन मिश्रा, अनिता साहू, संदीप देशमुख, पुलिस विभाग के अधिकारी, पंचायत जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

