BSP स्क्रैप चोरी : रायपुर पावर एंड स्टील के MD व डायरेक्टर गिरफ्तार

BSP स्क्रैप चोरी : रायपुर पावर एंड स्टील के MD व डायरेक्टर गिरफ्तार


🔴रसमड़ा में खपाया जा रहा था चोरी का माल, अभी तक 21 आरोपी गिरफ्तार

भिलाईनगर 19 सितंबर 2036। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से चोरी किए गए स्क्रैप को रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमड़ा में खपाए जाने के मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग और डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, थाना पुरानी भिलाई में दर्ज अपराध क्रमांक 277/2026 की विवेचना के दौरान यह मामला सामने आया। 26 मई 2026 को अकलोरडीही खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स से भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप बरामद किया गया था। मामले की जांच के दौरान अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था।

विवेचना में गिरफ्तार आरोपियों से मिली महत्वपूर्ण जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस को भिलाई इस्पात संयंत्र से चोरी किए गए स्क्रैप को रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमड़ा स्थित औद्योगिक संस्थान में खपाए जाने के संबंध में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले।

उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 18 सितंबर को रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार गर्ग (60), निवासी वालफोर्ट सिटी, भाठागांव रायपुर और डायरेक्टर संदीप कुमार सिंह (39), निवासी एसबीआई कॉलोनी, जुनवानी रोड, स्मृति नगर, दुर्ग को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 21 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की विवेचना अभी जारी है।