BSP स्क्रैप चोरी मामला : 2 संयंत्र कर्मी गिरफ्तार, अबतक 15 आरोपी पुलिस गिरफ्त में

BSP स्क्रैप चोरी मामला : 2 संयंत्र कर्मी गिरफ्तार, अबतक 15 आरोपी पुलिस गिरफ्त में


भिलाईनगर, 10 जुलाई 2026। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से फ्लू डस्ट की आड़ में संगठित रूप से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अब तक इस प्रकरण में कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स में छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान विभिन्न हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री मिली। परिसर में बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप भी अवैध रूप से संग्रहित पाया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले चार-पांच महीनों से योजनाबद्ध तरीके से बीएसपी से फ्लू डस्ट के साथ लौह स्क्रैप चोरी कर उसे ए.के. ट्रेडर्स में जमा कर आर्थिक लाभ कमा रहे थे। मौके से करीब 250 टन लौह स्क्रैप जब्त किया गया था। साथ ही स्क्रैप परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे हाईवा, ट्रक, जेसीबी, हाईड्रा और अन्य मशीनें भी जब्त की गई थीं।

ताजा कार्रवाई में पुलिस ने बीएसपी के दो कर्मचारियों हिमांशु भूषण मलिक (54 वर्ष) और मनोज कुमार देवांगन (58 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। दोनों की संलिप्तता विवेचना के दौरान सामने आई।

इस मामले में अब तक लगभग 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप तथा वाहनों और मशीनों सहित करीब 3.22 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की विवेचना लगातार आगे बढ़ाई जा रही है।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि चोरी, अवैध कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।