BSP में सुरक्षा अधिकारी के 11 पदों पर भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि 12 सितंबर

BSP में सुरक्षा अधिकारी के 11 पदों पर भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि 12 सितंबर


भिलाईनगर, 30 अगस्त 2026। भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के लिए सुरक्षा विभाग में Assistant Safety Officer एवं Junior Safety Officer के कुल 11 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के भिलाई इस्पात संयंत्र के भर्ती अनुभाग की ओर से जारी परिपत्र क्रमांक 01 (Extension) के अनुसार आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

जारी परिपत्र के मुताबिक ये पद D’ Cluster/C’ Cluster में होंगे। Assistant Safety Officer एवं Junior Safety Officer के लिए क्रमशः S9-S11 तथा C/S6-S8 स्केल निर्धारित है। आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से इंजीनियरिंग की किसी भी शाखा में डिग्री/डिप्लोमा के साथ राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त Industrial Safety में डिग्री या डिप्लोमा होना आवश्यक है।

परिपत्र में स्पष्ट किया गया है कि D’ Cluster/C’ Cluster में कार्यरत तथा निर्धारित योग्यता रखने वाले कर्मचारी समानांतर पदोन्नति के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं S5 ग्रेड (Cluster ‘B’) में कम से कम तीन वर्ष की सेवा वाले योग्य कर्मचारी C’ Cluster (Junior Safety Officer) के लिए आवेदन कर सकेंगे। Extended Cluster ‘EC’ (Cluster B) में कार्यरत निर्धारित योग्यता वाले कर्मचारी भी C’ Cluster के लिए पात्र होंगे।

प्रशिक्षण शुल्क की प्रतिपूर्ति और मासिक प्रोत्साहन

भर्ती में चयनित कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी योग्यता हासिल करने के लिए कोर्स फीस अधिकतम 50 हजार रुपये या वास्तविक शुल्क, जो भी कम हो, की प्रतिपूर्ति का लाभ मिलेगा। इसके अलावा Assistant Safety Officer/Junior Safety Officer के पद पर नियुक्ति के बाद Industrial Safety में राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त डिग्री या डिप्लोमा प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को प्रति माह 1,000 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। यह प्रोत्साहन पदस्थापना की तारीख से पांच वर्ष या सेवा से अलग होने तक, जो भी पहले हो, जारी रहेगा।

सुरक्षा अधिकारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

परिपत्र के Annexure-1 में Assistant Safety Officer एवं Junior Safety Officer के कर्तव्यों का भी उल्लेख किया गया है। इनमें कर्मचारियों की व्यक्तिगत चोटों की रोकथाम के लिए सुरक्षा उपायों की सलाह देना, विभिन्न कार्यों का जॉब सेफ्टी अध्ययन करना, प्लांट में सुरक्षा निरीक्षण करना, असुरक्षित परिस्थितियों एवं कार्यप्रणाली को चिन्हित कर सुधार के सुझाव देना शामिल है।

इसके अलावा औद्योगिक दुर्घटनाओं एवं व्यावसायिक बीमारियों की रिपोर्टिंग और जांच में सलाह देना, दुर्घटनाओं एवं खतरनाक घटनाओं से संबंधित रिकॉर्ड का रखरखाव, सुरक्षा जागरूकता अभियान एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करना तथा प्रबंधन द्वारा समय-समय पर सौंपे गए अन्य दायित्वों का निर्वहन करना भी इन अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।

इच्छुक पात्र कर्मचारियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर 12 सितंबर 2026 तक भर्ती अनुभाग में जमा करना होगा। परिपत्र में कहा गया है कि अंतिम तिथि के बाद प्राप्त अथवा अधूरे आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।

Oplus_16908288
Oplus_16908288