भिलाई नगर 04 दिसंबर । मान्यता प्राप्त यूनियन का कार्यकाल 23 सितंबर को समाप्त हो चुका है चुनाव कराने अभी तक बीएसपी प्रबंधन के द्वारा कोई प्रयास प्रारंभ नहीं किए गए हैं केवल सीटू एकमात्र यूनियन है जो लगातार मान्यता चुनाव के लिए प्रबंधन पर दबाव बना रहा है। बीएसपी मान्यता चुनाव को लेकर आज सीटू की टीम ने औद्योगिक संबंध विभाग के साथ फॉलो अप बैठक किया। जिसमें महाप्रबंधक ने बताया कि दो माह में चुनावी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। अब तक सीटू एवं बीएकेस ने जल्दी चुनाव प्रक्रिया शुरू करने को लेकर पत्र दिया है। अन्य यूनियनों के द्वारा भी आवश्यक पहल करने की बात संज्ञान में आई है जल्द ही प्रक्रिया तेज हो जाएगी। बैठक में औद्योगिक संबंध विभाग के महाप्रबंधक जे एन ठाकुर एवं सहायक महाप्रबंधक रोहित हरित उपस्थित थे।
राजहरा में चुनाव प्रक्रिया हुई तेज
महाप्रबंधक ने बताया कि राजहरा में 10 दिसंबर तक श्रम आयुक्त केंद्रीय के कार्यालय से मांगे गए आवश्यक दस्तावेज अर्थात यूनियन का विधान, यूनियन का पिछले वर्ष का वार्षिक विवरण आदि जमा करने को कहा गया है इसके बाद चुनाव की प्रक्रिया एकदम तेज हो जाएगी एवं बहुत जल्द माइंस में गुप्त मतदान द्वारा सदस्यता जांच का चुनाव करवा लिया जाएगा।
पिछला मान्यता कार्यकाल समाप्त हुए गुजरा ढाई माह
सीटू नेता ने बताया कि भिलाई इस्पात संयंत्र में 70 दिन पहले अर्थात 23 सितंबर 2024 को पिछली मान्यता यूनियन का कार्यकाल समाप्त हो गया है सामान्यतया मान्यता कार्यकाल के दौरान अगले मान्यता चुनाव की प्रक्रिया शुरू नहीं की जाती है क्योंकि मान्यता चुनाव की प्रक्रिया शुरू होते ही मान्यता कार्यकाल प्रभावित होने लगता है इसीलिए 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के बाद अगले मान्यता कार्यकाल के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाती है किंतु संयंत्र स्तर पर अक्सर देखा गया है कि मान्यता कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी लंबे समय तक प्रक्रिया शुरू हुई नहीं होती एवं यह समय शून्य काल में आता है जब कोई मान्यता यूनियन संयंत्र के अंदर अस्तित्व में नहीं रहती है अर्थात इस दौरान किसी किस्म के समझौते नहीं हो सकते हैं।
सीटू ने दिया था 24 सितंबर 2024 को पत्र
23 सितंबर 2024 को पिछले यूनियन का मान्यता कार्यकाल समाप्त होते ही सीटू ने हमेशा की तरह 24 सितंबर 2024 को मान्यता चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने संबंधी पत्र औद्योगिक संबंध विभाग के माध्यम से प्रबंधन को सौंप दिया था किंतु लगभग 70 दिन बाद बीत जाने के बाद भी चुनाव को लेकर कोई हलचल ना होता देखकर आज सीटू की टीम चुनाव के संदर्भ में चल रही तैयारी के संदर्भ में जानकारी लेने के लिए औद्योगिक संबंधी विभाग पहुंचा।
मान्यता कार्यकाल समाप्त होते ही शुरू हो जाना चाहिए प्रक्रिया
सीटू कहा कि मान्यता कार्यकाल के दौरान अगले कार्यकाल के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू नहीं किया जा सकता है किंतु कार्यकाल समाप्त होते ही प्रबंधन को स्वयं संज्ञान लेते हुए मान्यता चुनाव की प्रक्रिया को शुरू कर देना चाहिए लोकसभा विधानसभा से लेकर पार्षद एवं ग्राम पंचायत तक कार्यकाल समाप्त होने के दिन तक ही नया चुनाव होकर नई टीम को कार्यभार सौंप दिया जाता है किंतु मान्यता चुनाव में इस तरह की प्रक्रिया नहीं अपनाई जाती है जिसके कारण लंबे-लंबे समय तक कर्मियों के सामने कोई यूनियन नहीं रहने के कारण शून्यता की स्थिति निर्मित रहती है जिससे बचने के लिए प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू कर देना चाहिए।

