दुर्ग 1 जुलाई । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में स्नातक स्तर के प्रथम वर्ष हेतु द्वितीय बार पोर्टल ओपन होने की तिथि 29 जून समाप्ति के पश्चात् कुल 57400 आवेदकों ने आवेदन किया है। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि जुलाई माह के प्रथम सप्ताह में आवेदकों के पालकों को वेतन प्राप्ति के पश्चात् प्रवेश प्रक्रिया में वृद्धि की आशा है। विश्वविद्यालय से सम्बद्ध 157 महाविद्यालयों में जो 12 नये महाविद्यालय आरंभ हुए है उनमें ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई है। शेष 145 महाविद्यालयों में लगभग सभी में 30 से 35 प्रतिशत प्रवेश सीटें ही भर पायी है।डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया कि स्नातक स्तर पर प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु प्राप्त आवेदनों में बीए प्रथम वर्ष के लिए 32047, बीएससी प्रथम वर्ष के लिए 33077, बीकाॅम प्रथम वर्ष के लिए 14775 तथा स्नातक स्तर के अन्य कक्षाओं जैसे बीलिब, बीसीए, बीबीए, आदि की प्रथम वर्ष हेतु 1628 आवेदन प्राप्त हुए है। शालेय शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12वीं परीक्षा उत्तीर्ण आवेदकों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र तथा माइग्रेशन प्रदान किये जाने की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। इन दस्तावेजों के अभाव में प्रवेश सूची में नाम आने के बाद भी आवेदक महाविद्यालयों में प्रवेश नहीं ले पा रहे थें।
डाॅ. श्रीवास्तव के अनुसार स्नातकोत्तर स्तर की एमकाॅम तथा एमएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु विश्वविद्यालय का पोर्टल ओपन होने के बाद अभी तक कुल 15334 आवेदन प्राप्त हुए है। जिनकी गुणानुक्रम अनुसार प्रवेश सूची विभिन्न महाविद्यालयों द्वारा जारी कर दी गई है। बीए अंतिम का परीक्षा परिणाम घोषित करने की तैयारी अंतिम चरण में है तथा इसका परिणाम शीघ्र जारी होने की संभावना है। इसके पश्चात् एमए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु पोर्टल आरंभ किया जायेगा। डाॅ. श्रीवास्तव ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर में प्रवेश लेने वाले सभी आवेदकों से अपील की है कि वें परेषानियों से बचने के लिए शीघ्र महाविद्यालयों में प्रवेश लें।
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में छात्र छात्राओं के लिए पहली पसंद बना बीएससी, स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए दूसरी बार करीब 57 हजार स्टूडेंट्स ने किया आवेदन

