ब्राउन शुगर वाली ‘भाभी’ के कई जगह अड्डे, खुद ही बनाती थी कई ड्रग्स;

ब्राउन शुगर वाली ‘भाभी’ के कई जगह अड्डे, खुद ही बनाती थी कई ड्रग्स;


🛑 बिहार तक फैला काला कारोबार

सीजी न्यूज ऑनलाइन 24 जून। ब्राउन शुगर वाली भाभी काफी चर्चा में है। झारखंड राज्य की की रांची पुलिस ने महिला को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। महिला ने बताया कि ड्रग्स के कारोबार में उसका पूरा परिवार शामिल है।

रांची पुलिस ने ड्रग्स माफिया रूबी देवी उर्फ भाभी को तीन दिन की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को जेल भेज दिया है। रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में माफिया भाभी ने पुलिस को कई अहम जानकारियां दीं। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि ड्रग्स माफिया भाभी रांची, हजारीबाग, धनबाद, जमशेदपुर, रामगढ़ के अलावा बिहार के कई जिलों में ब्राउन शुगर की सप्लाई करती थी।

पूरा परिवार कर रहा था अवैध धंधा

बता दें कि रूबी पर रांची के सुखदेवनगर थाने में आधा दर्जन केस दर्ज हैं। पुलिस की दबिश के बाद आरोपी भाभी ने 29 अप्रैल को रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर किया था, जिसकी जानकारी मिलने के बाद सुखदेवनगर पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की। बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन के समीप रहने वाली आरोपी भाभी ने पुलिस को बताया कि इस अवैध धंधे में उसका पति, देवर, भाई समेत पूरा परिवार लगा हुआ है।

तीन दिन की मिली थी पुलिस रिमांड

रांची में तकरीबन सभी विक्रेता उससे ही ब्राउन शुगर की खरीदारी करते थे। सुखदेवनगर थाने की पुलिस रूबी को शनिवार को तीन दिन के रिमांड पर ली थी। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि माफिया भाभी ने कई तस्करों के बारे में जानकारी दी है, जिसका पुलिस सत्यापन कर रही है। गिरफ्तार ड्रग्स माफिया भाभी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वेलोग घर में ही ब्राउन शुगर बनाते हैं। ब्राउन शुगर बनाने में उनका पूरा परिवार लगा रहता है।