देवर ने गला दबाया, ससुर ने पीटा, सास ने छुडा़या तो पहुंची थाना
भिलाई नगर, 7 जून। नंदिनी थानांतर्गत धिकुड़िया गांव में देवर और ससुर द्वारा महिला से मारपीट करने की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 34 व 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
नंदिनी थाना प्रभारी ने बताया कि ग्राम धिकुड़िया की मधुबाला मनहरे पति व बच्चों सहित सास, ससुर, देवर के साथ एक ही घर में अलग-अलग निवास करती है। बीती रात उसके ससुर रेखलाल और देवर किशन मनहरे शराब पीकर आपस में झगड़ा कर रहे थे। थोडी देर बाद दोनों मधुबाला के पति शशिकांत को गाली देने लगे। मधुबाला ने मना किया तो दोनों उसे गालियाँ देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। विवाद बढा़ तो देवर किशन ने मधुबाला का गला दबाने लगा और ससुर रेखलाल ने हाथ मुक्का से मारपीट की। मधुबाला के गला, दाहिने हाथ, कमर के पास चोट आई है। सास ललिता बाई ने बीचबचाव कर उसे छुड़वाया। रात में ही पति के घर लौटने पर मधुबाला ने थाना पहुँच रिपोर्ट दर्ज करवायी है।

