Breaking News : सड़क दुर्घटना में बाल बाल बचें केंद्रीय मंत्री तोखान साहू

Breaking News : सड़क दुर्घटना में बाल बाल बचें केंद्रीय मंत्री तोखान साहू


🛑चलती कार के सनरूफ से टकराई लोहे की रॉड, शीशा टूटा, सभी सुरक्षित

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 29 दिसंबर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू रविवार को एक गंभीर सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। घटना उस समय हुई जब वे अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर से रायपुर होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हो रहे थे।

जानकारी के अनुसार, चंदेली (दामाखेड़ा) के समीप अचानक एक लोहे की रॉड चलती गाड़ी से टकरा गई। यह रॉड वाहन के सनरूफ-मिरर से टकराकर शीशा तोड़ते हुए कार के भीतर आ गई। राहत की बात यह रही कि सनरूफ और मिरर की संरचना के कारण रॉड सीधे चालक की ओर नहीं जा सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के समय वाहन क्रमांक सीजी 04 एम 7200 में साहू के साथ उनके निजी स्टाफ और सुरक्षा अधिकारी मौजूद थे। इस अप्रत्याशित घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। केवल वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि कार में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

घटना के बाद एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात पुलिस बल ने संबंधित लोहे की रॉड को मौके से सुरक्षित रूप से जब्त कर लिया। प्रारंभिक तौर पर इसे एक आकस्मिक घटना माना जा रहा है, हालांकि यह दुर्घटना मात्र थी या इसमें सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा कोई अन्य पहलू है, इसकी जांच की जा रही है।