🟧 टेलीकाॅम सेक्टर में रिलायंस जियो की बादशाहत बरकरार, 5जी टाॅवर लगाने में भी सबसे आगे
सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 21 दिसंबर। देश में मोबाइल यूजर्स की संख्या लगातार घट रही है। पिछले दो महीने में 54 लाख 77 हजार लोगों ने मोबाइल से दूरी बनाई है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार अक्टूबर 2022 में देश भर में मोबाइल यूजर्स की संख्या 114 करोड़ 36 लाख हो गई है जबकि अगस्त महीने में लगभग 114 करोड़ 91 लाख मोबाइल यूजर्स थे। सितंबर माह में मोबाइल यूजर्स की संख्या 36 लाख 64 हजार घटकर 114 करोड़ 54 लाख हो गई थी। अक्टूबर माह में 18 लाख 13 हजार मोबाइल यूजर्स कम हुए हैं। आंकड़ों के अनुसार टेलीकाॅम में जियो यूजर्स संख्या अब भी नंबर वन पर बनी हुई है। जियो से 14 लाख 14 हजार और एयरटेल से 8 लाख 5 हजार नये यूजर्स जुड़े हैं।
गौरतलब हो कि रिलायंस जियो टेलीकॉम सेक्टर में अपना दबदबा बनाए हुए है और अपनी नंबर वन की पोजीशन पर कायम है। अक्टूबर में जियो ने 14 लाख 14 हजार नए यूजर्स को अपने नेटवर्क से जोड़ा है। इससे जियो नेटवर्क के यूजर्स की संख्या बढ़कर 42 करोड़ 13 लाख पहुंच गई है वहीं भारती एयरटेल से अक्टूबर में 8 लाख 5 हजार नए यूजर जुड़े हैं। इसके बाद एयरटेल के उपभोक्ताओं की संख्या 36 करोड़ 50 लाख हो गई है। वोडाफोन आइडिया के यूजर्स लगातार कम हो रहे हैं। वोडाफोन-आइडिया कंपनी के 35 लाख 9 हजार यूजर्स ने अक्टूबर में नेटवर्क को छोड़ा है। इससे कंपनी के कुल उपभोक्ताओं की संख्या 24 करोड़ 56 लाख रह गई है। वहीं बीएसएनएल के 5 लाख 92 हजार यूजर्स कम हुए हैं, इसके यूजर्स की संख्या घटकर 10 लाख 86 हजार रह गई है।
ट्राई के मुताबिक टेलीकॉम मार्केट में रिलायंस जियो का मार्केट शेयर 36.66 फीसदी से बढ़कर 36.85 हो गया है जबकि भारती एयरटेल का मार्केट शेयर 31.80 से बढ़कर 31.92 पर पहुंच गया है। वोडाफोन-आइडिया की हिस्सेदारी सितंबर के मुकाबले में 21.75 से घटकर 21.48 फीसदी रह गई है।
विदित हो कि देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 26 नवंबर तक 20 हजार 980 बेस स्टेशन लगाए जा चुके हैं। संचार राज्य मंत्री देवू सिंह चौहान ने राज्यसभा में शुक्रवार को एक सवाल के जवाब में बताया था कि देश में हर हफ्ते 5जी के लगभग 2500 नए टॉवर लगाए जा रहे हैं। 5जी के सबसे ज्यादा दिल्ली में 5 हजार 829 टॉवर लग चुके हैं। दिल्ली में 938 टॉवर एयरटेल ने लगाए हैं तो रिलायंस जियो ने 4 हजार 891 टॉवर लगाए हैं। अभी तक आईडिया-वोडाफोन ने दिल्ली में 5जी सेवाओं के लिए एक भी टॉवर नहीं लगाया है। दिल्ली के बाद सबसे ज्यादा टॉवर महाराष्ट्र में लगे हैं। 5जी के महाराष्ट्र में 4 हजार 51 टॉवर लगे हैं। ऐसी स्थिति में एयरटेल और रिलायंस जीयो के ग्राहक बढ़ेंगे।
ब्रेकिंग न्यूज-देश में दो महीने में 55 लाख यूजर्स ने मोबाइल से किया “किनारा” 🟩 लगातार घट रही मोबाईल यूजर्स की संख्या, जान लिजिए “वजह”

