सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 30 जनवरी। महिला पुलिसकर्मी को धमकाने और गाली गलौच करने के मामले में श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल फिर जिला न्यायालय के एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश नहीं हुए। इस पर उनके अधिवक्ता ने बताया कि वह ला एंड आर्डर में व्यस्त हैं जिस वजह से न्यायालय के समक्ष पेश नहीं हो पा रहे हैं, हालांकि विधायक जंडेल के अधिवक्ता ने ही पिछली सुनवाई में कोर्ट से समय मांगते हुए सोमवार यानि 29 जनवरी के समय की मांग रखी थी। उनके इस तर्क पर कोर्ट ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि वो कलेक्टर या एसपी हैं जो ला एंड आर्डर की ड्यूटी में व्यस्त हैं। इस पर विधायक के अधिवक्ता ने कोर्ट को आश्वासन दिया कि आगामी तारीख पर विधायक शत प्रतिशत पेश होंगे। कोर्ट ने 31 जनवरी तक की मोहलत दे दी है। विधायक जंडेल पर महिला सब इंस्पेक्टर को फोन पर गाली देने का आरोप लगा है, क्योंकि पुलिस ने एक व्यक्ति की बाइक पकड़ ली थी। जिसे छुड़वाने के लिए विधायक ने महिला एसआई से फोन पर बात की थी और उससे गाली गलोच भी कर दी। बता दें कि श्योपुर जिले के मानपुर थाने में पदस्थ महिला उप निरीक्षक माधवी शाक्य ने एक वाहन चेकिंग के दौरान एक ग्रामीण की बाइक पकड़ ली थी। इसके बाद ग्रामीण अपनी बाइक को वहीं छोड़कर चला गया था। पुलिस बाइक को थाने ले आई थी। विधायक का महिला एसआई से फोन पर बात किए जाने का आडियो भी बहुप्रसारित हुआ है। इस मामले में महिला एसआई ने अजाक पुलिस थाने में विधायक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। वहीं पुलिस ने विधायक के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज है।

