“महादेव” का चोला उतार “नटराज” ओढ़ रहे सटोरिए, संदिग्ध फार्चुनर-थार पर भी “नजर”

“महादेव” का चोला उतार “नटराज” ओढ़ रहे सटोरिए, संदिग्ध फार्चुनर-थार पर भी “नजर”



🌑 मनी लांड्रिंग, टैक्स चोरी, काला धन सभी पहलू जांच दायरे में, चार्जशीट कापी भी ले गई ईडी
🌑 पीछे लगी है टीम, फोन लोकेशन सहित अहम सुराग हैं जल्द पकडे़ंगे-एसपी
भिलाई नगर, 21 नवंबर। महादेव ऐप और रेड्डी अन्ना आनलाईन बेटिंग ऐप पर जिला पुलिस की कडी़ नजर को ध्यान रखते हुए कई बडे़ सटोरिये रातों रात पाला बदल अब नटराज और अंबानी ऐप में अपने पैनल शिफ्ट कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार नटराज ऐप की आनरशिप भी सौरभ चंद्राकर और महादेव के अन्य पार्टनर्स के ही नाम है। पुलिस को सूचना मिली है कि भिलाई में सफेद रंग की फार्चुनर, काले रंग की थार, एसयूवी सहित कुछ लग्जरी गाड़ियों में आपरेटर जगह बदल बदल कर बेटिंग पैनल आपरेट कर लाखों के दांव नटराज ऐप से लगवा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि आनलाईन सट्टा कारोबार में कुछ महीने पहले पुलिस के हत्थे चढा़ जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत हाऊसिंग बोर्ड निवासी एक आरोपी नटराज ऐप के पैनल बांट रहा है। कुछ संदिग्ध फोन और उसके आनर सर्वेलांस में हैं और इनके द्वारा जगह बदल बदल कर और गाड़ियों में मूविंग नेचर ऐप संचालन के कारण फिलहाल ये पकड़ में नहीं आए हैं लेकिन पूरी टीम का डाटा पुलिस के पास है, जल्द ऐसे लोग गिरफ्त में होंगे, टीम इस पर काम कर रही है।
🔴 पार्किंग और आउटर में लग्जरी गाडी़ खड़ी कर पैनलिस्ट करवा रहे बेटिंग
नटराज के माध्यम से शुरूआत कर हाऊसिंग बोर्ड के आरोपी सटोरियों ने लगभग दो पखवाडे़ के भीतर डेढ़ दर्जन से अधिक पैनलिस्ट बनाए हैं जो कि लैपटाप और मोबाईल से टाप माॅडल लग्जरी गाड़ियों में सवार हो बेटिंग आपरेट कर रहे हैं। ये सभी गाडी़ भिलाई से दुर्ग और रायपुर मार्ग से लगे आउटर मैदान, बडे़ होटल, शापिंग माॅल की पार्किंग, ढाबे के सामने घंटों खडे़ रहती हैं जिसके भीतर बैठे पैनलिस्ट और आपरेटर लग रहे आनलाईन दांव को मैनेज करते हैं। विभिन्न हाऊसिंग सोसायटी की पार्किंग में भी पुलिस नजर रख रही है। जानकारी यह भी मिली है कि आनलाईन सटोरियों की एक बडी़ टीम बाइक से रात 8 बजे के बाद हर रोज एटीएम मशीनों पर कैश निकालने और डिपाजिट मशीन से रूपये अन्य खातों में ट्रांसफर करने निकलती है और रात 11 बजे तक शहर के अलग अलग बैंक एटीएम पर अपने इस काम को अंजाम दे रहे हैं।
🔴 भिलाई-दुर्ग-रायपुर के होटल में कमरे बुक करवा रहे लोकल आपरेटर
पुलिस की एक टीम शहर के होटलों में कमरे बुक कर लोकल लोगों के ठहरने का डाटा भी तैयार कर चुकी है, लोकल लोगों के होटल में रूम लेकर ठहरने के कारणों को भी जांचा जा रहा है क्योंकि खबर मिली है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े कुछ आपरेटर और पैनलिस्ट फैमिली रूम बुक कर बेटिंग आपरेट कर रहे हैं। साथ ही पिछले दिनों शहर के कई होटलों में कमरे बुक कर जुएं की सजी महफिल पर भी पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसी महीने स्मृति थाना क्षेत्र में लोकल युवक युवतियों के ठहरने और एक जोडे़ द्वारा कमरे में खुदकुशी करने का मामला भी सामने आया था। लोकल लोगों की बिना ठोस वजह शहर में कमरे बुक कर रहना भी संदेह के दायरे में है जिसकी कडा़ई से जांच की जा रही है।
🔴 लाखों-करोडो़ के ट्रांजेक्शन वाले सभी बैंक एकाउंट खंगालेगी ईडी, ले गई रिपोर्ट
महादेव ऐप से कई नामी गिरामी लोगों की संलिप्तता सामने आने से ईडी द्वारा की जा रही जांच और कार्रवाई से सटोरियों में हड़कंप मचा है। पुलिस कार्रवाई में जब आनलाईन बेटिंग में 3 हजार करोड़ से ज्यादा टर्नओवर की बात सामने आई तब ईडी की एंट्री हुई और अब तक तीन बार ईडी की टीम दुर्ग पुलिस से इससे संबंधित डाटा ले चुकी है। ईडी टीम महादेव ऐप के संचालक सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, राज गुप्ता, सतनाम सिंह सहित दर्जन भर आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों की चार्जशीट कापी भी ले गई है। जिला पुलिस द्वारा विभिन्न थानांतर्गत अब तक आनलाईन बेटिंग के अवैध कारोबार के खिलाफ की गयी कार्रवाई की सूचीबद्ध 1200 पेज की विस्तृत जांच रिपोर्ट भी ईडी को दी जा चुकी है जिसमें करोड़ों रुपए के बैंक ट्रांजेक्शन और किसके खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं इसका ब्यौरा भी है।
एसपी दुर्ग डाॅ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि सेंट्रल एजेंसी ईडी ने कार्रवाई के जितने भी दस्तावेज मांगे, उन्हें उपलब्ध करा दिया गया है। इस मामले में मनी लांड्रिंग सहित तमाम पहलुओं पर ईडी अपने तरीके से जांच कर रही है। दुर्ग पुलिस की ऑनलाइन, बैटिंग गेमिंग, जुआ सट्टा में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी, प्रयास है कि इनकी लोकल ब्रांचेस खत्म कर छ: महीने के भीतर हम जड़ से इस अवैध कारोबार को उखाड़ फेंकेगे।