दुर्ग, 22 सितंबर 2026। जेवरा सिरसा के भटगांव क्षेत्र में शिवनाथ नदी में डूबे 25 वर्षीय युवक का शव तीन दिन तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने नदी के गहरे पानी और तेज बहाव के बीच लगातार अभियान चलाकर ग्राम डांडेसरा के पास युवक के शव को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार 20 सितंबर को जेवरा सिरसा-भटगांव क्षेत्र में एक युवक मछली पकड़ने के दौरान अचानक नदी के गहरे पानी में चला गया था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय से एसडीआरएफ की प्रशिक्षित टीम को आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर रवाना किया गया।
तीन दिन तक चला सर्च ऑपरेशन
घटनास्थल पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने मोटर बोट, डीप डाइविंग किट, लाइफ बॉय, लाइफ जैकेट और सर्च हुक की मदद से नदी में तलाश शुरू की। नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को काफी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद गोताखोरों ने लगातार तीन दिनों तक अलग-अलग हिस्सों में सघन तलाशी अभियान जारी रखा।
मंगलवार 22 सितंबर को अभियान के तीसरे दिन एसडीआरएफ के कुशल गोताखोरों ने ग्राम डांडेसरा के पास शिवनाथ नदी से युवक का शव बरामद कर लिया। शव को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद आवश्यक वैधानिक एवं पंचनामा कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान पवन कुमार ठाकुर के रूप में
मृतक की पहचान पवन कुमार ठाकुर (25), पिता अनिल कुमार ठाकुर, निवासी घासीदास नगर, वार्ड नंबर 23, जामुल के रूप में हुई है।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में शोक का माहौल है।

