दुर्ग, 11 सितंबर 2026। दुर्ग जिले के पाटन इलाके में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रानीतराई थाना क्षेत्र के आसोगा गांव में दोपहर के समय हुए विवाद के दौरान एक युवक ने दूसरे युवक पर सब्बल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल सब्बल बरामद कर लिया है।
मृतक की पहचान कामता कोसरे (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि पुलिस ने मामले में भूपेन्द्र टंडन (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
बहस से शुरू हुआ विवाद, सब्बल से कर दिया हमला
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर की दोपहर आसोगा गांव में कामता कोसरे और भूपेन्द्र टंडन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों के बीच बहस हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
इसी दौरान भूपेन्द्र ने कथित तौर पर सब्बल उठाकर कामता पर कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से कामता गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने घायल कामता को तत्काल पाटन अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गंभीर हालत में कामता को पाटन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी भूपेन्द्र टंडन को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल सब्बल भी बरामद कर जब्त किया गया है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद के बाद हमला किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और घटना से जुड़े अन्य पहलू क्या हैं, इसकी पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि रानीतराई थाना क्षेत्र के आसोगा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। विवाद के दौरान सब्बल से हमला किए जाने से एक युवक की मौत हुई है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम किया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी भूपेन्द्र टंडन को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना की परिस्थितियों और विवाद के कारणों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एक मामूली विवाद से शुरू हुआ झगड़ा कुछ ही देर में जानलेवा हमले में बदल गया और 35 वर्षीय कामता कोसरे की जान चली गई। पुलिस अब इस खूनी वारदात के पीछे की पूरी कहानी खंगाल रही है।

