सेंट थॉमस महाविद्यालय, भिलाई में रक्तदान शिविर का आयोजन 108 यूनिट किया रक्तदान
भिलाई नगर 24 जनवरी । सेंट थॉमस महाविद्यालय, भिलाई की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा एनसीसी एवं आईक्यूएसी तथा इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज महाविद्यालय के सभागार में एक दिवसीय रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस रक्तदान शिविर के अवसर पर सर्वप्रथम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एम. जी. रोईमोन ने सभी स्वयंसेवकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। उन्होंने स्वयं उपस्थित होकर सभी छात्रों को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्रशासक रेवरेंट फादर डॉ जोशी वर्गीस ने कहा की नियमित अंतराल में रक्तदान करना स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद है। सेंट थॉमस महाविद्यालय के मैनेजर बिशप हिस ग्रेस अलेक्सीओंस मार युसेबिओस ने सभी छात्रों के इस मानवसेवा से भरे हुए कार्य की सराहना की। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, रायपुर के स्टेट हेड एवं सचिव सुदीप श्रीवास्तव ने सभी छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि भिलाई में सेंट थॉमस महाविद्यालय द्वारा समय समय पर इस प्रकार के रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है जो निश्चय ही एक सराहनीय प्रयास है। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। शिविर के दौरान महाविद्यालय के छात्रों एवं प्राध्यापकों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इस रक्तदान शिविर में 108 यूनिट रक्तदान किया गया | इस कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र इखार ने किया तथा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सभी स्वयंसेवकों ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


