भिलाईनगर, 05 दिसंबर। साईं महाविद्यालय, सेक्टर-6 भिलाई के यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी एवं रेड रिबन क्लब के द्वारा आज एचडीएफसी बैंक व जिला चिकित्सालय दुर्ग के संयुक्त तत्वाधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में श्री भूपेंद्र कुलदीप, रजिस्ट्रार, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग उपस्थित रहे।

शिविर का प्रारंभ मां सरस्वती जी की पूजा अर्चना से की गई। तत्पश्चात मुख्य अतिथियों के द्वारा रेड रिबन काटकर शिविर का उद्घाटन किया गया। रजिस्ट्रार श्री भूपेंद्र कुलदीप ने अपने उद्बोधन में कहा कि रक्तदान महादान होता है। यह कई कारणों से महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दूसरों के जीवन बचाने में मदद करता है और इसके कुछ स्वास्थ्य लाभ भी होते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम 6 महीने में एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए।

इसी कड़ी में महाविद्यालय प्राचार्या डॉ ममता सिंह ने कहा कि महाविद्यालय के द्वारा रक्तदान शिविर प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। यह कार्यक्रम समाज कल्याण की ओर एक अनूठी पहल है। हमारे समाज में कई ऐसे व्यक्ति हैं जिनकी रक्त की कमी से मौत हो जाती है, जिन्हे सही समय में रक्त नहीं मिल पाता। अतः इस प्रकार के प्रयासों से समय रहते कई जिंदगियां बचाई जा सकती है। साथ ही उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। इस शिविर में एचडीएफसी बैंक एवं जिला चिकित्सालय दुर्ग से डॉ एंथोनी एवं उनकी टीम भी उपस्थित रहे। शिविर में मुख्य रूप से महाविद्यालय की स्टाफ मेंबर्स छात्र-छात्राएं एवं महाविद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं के साथ-साथ बाहरी व्यक्तियों ने भी रक्तदान किया। शिविर सुबह 10:00 बजे से प्रारंभ होकर शाम 4:00 तक चली जिसमें कुल 106 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 72 लोगों ने रक्तदान किया।

रक्तदान करने के बाद रक्तदाताओं को एचडीएफसी बैंक एवं जिला चिकित्सालय दुर्ग के द्वारा प्रमाण पत्र एवं फल वितरण किया गया ।शिविर के अंत में महाविद्यालय प्राचार्या डॉ ममता सिंह के द्वारा एचडीएफसी बैंक एवं जिला चिकित्सालय दुर्ग की टीम का कार्यक्रम को सफल बनाने एवं उनके सहयोग के लिए स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए उनका आभार व्यक्त किया गया। इस शिविर के सफलतापूर्वक संचालन में महाविद्यालय प्रबंधन समिति एवं स्टाफ सदस्यों संपूर्ण सहयोग रहा ।

