
भिलाई नगर, 29 मई। भिलाई तीन थाना की सीएसईबी कालोनी में कुछ आदतन अपराधियों ने एक 16 साल के लड़के को कमरे में बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा है। इस पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में लग गई है।जानकारी मिली है कि वायरल विडियो में कुछ युवक एक नाबालिग को कमरे में बंद कर पीट रहे हैं और वह अपनी जान की दुहाई मांगता दिखाई दे रहा है। यह घटना गांजा को लेकर हुए लेन-देन की बताई जा रही है।

लोगों ने शिकायत में कहा है कि भिलाई तीन की सीएसईबी कॉलोनी इस समय नशाखोरों का अड्डा बन चुकी है। यहां कुछ लड़के मकान में कब्जा करके रहते हैं और वहां बड़ी मात्रा में गांजा व अन्य मादक पदार्थ रखकर उसे बेचने का काम करते हैं। वायरल विडियो के आधार पर लोगों ने पुलिस को जानकारी दी है कि नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों ने युवराज ठाकुर नाम के लड़के को इसलिए बंधक बनाकर मारा क्योंकि उसने उनकी मुखबिरी दुर्ग क्राइम की टीम से की थी।

जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें एक कमरे के अंदर युवराज को बंधक बनाकर रखा गया है। कमरे में तीन से चार लड़के बैठे हैं। एक लड़का नीचे बिछे गद्दे पर लेटा है और उसके बगल से युवराज ठाकुर बैठा है। नीचे लेटा हुआ लड़का युवराज को बुरी तरह पीट रहा है। इसके बाद एक सफेद टी-शर्ट पहने युवक ने युवराज को बुरी तरह पीटा। इस सफेद टी-शर्ट पहने युवक की पहचान आयुष के रूप में की जा रही है। कालोनीवासियों ने बताया कि आयुष अपने दोस्तों के साथ कालोनी में कब्जा करके रहता है और वहां से गांजा बेचने का काम करता है। वो लोग कालोनी के कई खंडहर क्वार्टर में कब्जा किए हैं और वहां गांजा रखते हैं। यदि पुलिस पकड़ती भी है तो गांजा को लावारिश दिखा देती है और आरोपी नहीं पकड़े जाते हैं। कालोनी से ही गांजा, शराब सहित अन्य सूखे नशे का कारोबार होने से वहां आपराधिक किस्म के लोगों का काफी जमावड़ा होने लगा है। कालोनी के लोगों ने पूर्व में भी पुलिस से शिकायत की थी।भिलाई तीन थाना प्रभारी ने बताया कि विडियो में दिखाई देने वाले लड़के की पहचान आयुष निवासी भिलाई तीन के रूप में हुई है। उसके साथ कैंप के कुछ लड़के घूमते रहते हैं। आयुष को पहले बाइक चोरी के आरोप में जेल भेजा गया था। वायरल वीडियो के आधार पर उसकी गिरफ्तारी करके कार्रवाई करेंगे, मामले में पुलिस तफ्तीश जारी है।
