BJP की राज्यसभा सूची जारी : श्रीमती लक्ष्मी वर्मा छत्तीसगढ़ से उम्मीदवार

BJP की राज्यसभा सूची जारी : श्रीमती लक्ष्मी वर्मा छत्तीसगढ़ से उम्मीदवार


🔴मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पसंद पर लगी मुहर

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 03 मार्च। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने देशभर की 9 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।

छत्तीसगढ़ से महिला आयोग की सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा प्रत्याशी बनाया गया है। उनके चयन को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पसंद माना जा रहा है, जिस पर केंद्रीय नेतृत्व ने मुहर लगा दी है।

श्रीमती लक्ष्मी वर्मा का राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव काफी व्यापक रहा है। वे रायपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं तथा वर्तमान में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। मूलतः बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की निवासी श्रीमती वर्मा लंबे समय से संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करती रही हैं।

वहीं, छत्तीसगढ़ के प्रभारी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को बिहार से राज्यसभा प्रत्याशी बनाया गया है। सूची जारी होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे राज्यसभा में छत्तीसगढ़ के हितों को प्रभावी ढंग से उठाएंगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी ने संगठनात्मक अनुभव, महिला प्रतिनिधित्व और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। अब आगामी दिनों में नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।