बिलासपुर में बांग्लादेशी घुसपैठियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 23 संदिग्ध हिरासत में

बिलासपुर में बांग्लादेशी घुसपैठियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 23 संदिग्ध हिरासत में


🔴STF का ताबड़तोड़ अभियान, मुर्शिदाबाद-जंगीपुर तक पहुंची पुलिस टीम; पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन तक रायपुर डिटेंशन सेंटर भेजे गए

सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 06 सितंबर 2026। बांग्लादेशी घुसपैठियों और बिना वैध दस्तावेजों के भारत में निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। राज्य शासन के निर्देश के बाद पुलिस ने जिलेभर में सघन जांच और सत्यापन अभियान शुरू किया है। इसी कार्रवाई के तहत थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के 23 संदिग्ध व्यक्तियों को 4 सितंबर को पहचान एवं दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है।

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (IUCAW) रश्मिता कौर चावला के नेतृत्व में सात निरीक्षकों सहित विशेष टास्क फोर्स (STF) गठित की गई है। टीम को संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत लोगों की पहचान, दस्तावेजों की जांच तथा उनके मूल निवास की पुष्टि की जिम्मेदारी दी गई है।

बिलासपुर से पश्चिम बंगाल तक पुलिस की पड़ताल

जांच को पुख्ता करने के लिए बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर पहुंची। टीम ने वहां स्थानीय पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से मुलाकात कर बिलासपुर में निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों से संबंधित दस्तावेज और जानकारी साझा की। पुलिस ने उनके मूल निवास, पहचान तथा भारत में प्रवेश से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की।

पुलिस के अनुसार, जांच में कई ऐसे व्यक्ति मिले जिनकी पहचान और दस्तावेजों की प्रमाणिकता का सत्यापन आवश्यक पाया गया। संबंधित जिलों की पुलिस से समन्वय कर दस्तावेजों और पृष्ठभूमि की जानकारी जुटाई जा रही है।

संदिग्धों की सूचना देने टोल-फ्री नंबर जारी

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की पहचान, निवास या दस्तावेजों को लेकर संदेह हो अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दी जाए।

पहले भी बांग्लादेशी नागरिक पर हो चुकी है कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, अभियान से पहले भी बिलासपुर में संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। थाना तोरवा क्षेत्र में अवैध रूप से निवासरत एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक की पहचान होने के बाद 12 जुलाई 2025 को बांग्लादेश निर्वासन (Quit India) की कार्रवाई की गई थी।

वहीं, थाना तोरवा में 17 मार्च 2025 को बांग्लादेश की एक नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में आरोपी हृदय कुमार शर्मा के विरुद्ध अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। न्यायालयीन कार्रवाई के बाद उसे बांग्लादेश Deportation की कार्रवाई तक रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजे जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि बांग्लादेशी घुसपैठ और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं सत्यापन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।