बर्फानी बाबा के दर्शन को निकले बाइक सवार हादसे का शिकार, युवती की मौत

बर्फानी बाबा के दर्शन को निकले बाइक सवार हादसे का शिकार, युवती की मौत


🔴साथी युवक घायल, अंजोरा चौकी क्षेत्र का मामला

दुर्ग, 12 अगस्त 2026। रायपुर से राजनांदगांव स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए निकले बाइक सवारों का दल दुर्ग बायपास मार्ग पर हादसे का शिकार हो गया। अंजोरा चौकी क्षेत्र में आशीर्वाद बार के सामने एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक के पीछे बैठी 21 वर्षीय युवती सना निहाल गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान जिला अस्पताल दुर्ग में उसकी मौत हो गई। बाइक चला रहा युवक भी घायल हुआ है।

अंजोरा चौकी प्रभारी चंद्रशेखर सोनी के मुताबिक, रायपुर से कुछ लोग 10 अगस्त को दो बाइकों से राजनांदगांव स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए निकले थे। सभी दुर्ग बायपास के रास्ते राजनांदगांव जा रहे थे। आगे चल रही बाइक में डिगेश्वर साहू बाइक चला रहा था, जबकि सना निहाल पीछे बैठी थी।

बताया गया कि रास्ते में डिगेश्वर ने बाइक की गति धीमी की और पीछे चल रहे अपने साथियों की ओर मुड़कर देखने लगा। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और आशीर्वाद बार के सामने सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दोनों घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान सना निहाल ने दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना के बाद अंजोरा पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।