सेल कर्मचारियों को बड़ी राहत: वेतन से 2% पेंशन कटौती होगी बंद

सेल कर्मचारियों को बड़ी राहत: वेतन से 2% पेंशन कटौती होगी बंद


🔴एनपीएस में स्वैच्छिक योगदान का विकल्प

सीजी न्यूज ऑनलाइन 06 मार्च 2026। सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख इस्पात कंपनी Steel Authority of India Limited (सेल) ने अपने कर्मचारियों के लिए पेंशन से जुड़ा अहम फैसला लिया है। कंपनी ने परिपत्र जारी कर जानकारी दी है कि कर्मचारियों के वेतन से एसएआईएल कर्मचारी पेंशन लाभ कोष (SESBPF) के लिए की जा रही 2 प्रतिशत कटौती को 1 अप्रैल 2026 से बंद कर दिया जाएगा।
जारी परिपत्र के अनुसार, अभी तक सभी कर्मचारी अपने मूल वेतन व महंगाई भत्ता (बेसिक + डीए) का 2 प्रतिशत एसईएसबीएफ ट्रस्ट के तहत संचालित पेंशन लाभ कोष में जमा कर रहे थे।
कंपनी ने बताया कि अब कर्मचारियों के लिए National Pension System (एनपीएस) के तहत एसएआईएल पेंशन योजना (SPS) लागू कर दी गई है, जिसके माध्यम से कंपनी पहले से ही एनपीएस में अंशदान कर रही है।

Oplus_16908288


इसी कारण दोनों योजनाओं का उद्देश्य समान होने के चलते SESBPF के लिए वेतन से होने वाली 2 प्रतिशत की अनिवार्य कटौती को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। यह व्यवस्था मार्च 2026 के वेतन (जो 1 अप्रैल 2026 को देय होगा) से लागू होगी।
हालांकि, कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से एनपीएस खाते में अतिरिक्त अंशदान करने का विकल्प दिया गया है। कर्मचारी चाहें तो मूल वेतन और महंगाई भत्ता का 2 प्रतिशत टियर-1 श्रेणी के तहत अपने एनपीएस खाते में जमा कर सकते हैं। यह योगदान कंपनी द्वारा पहले से किए जा रहे अंशदान से अलग होगा।
कर्मचारियों को इस विकल्प का लाभ उठाने के लिए 21 दिनों के भीतर सेल के पोर्टल पर लॉग-इन कर आवेदन करना होगा। यदि कोई कर्मचारी निर्धारित समय में विकल्प का चयन नहीं करता है, तो उसका योगदान एनआईआई (गैर-आयकर) माना जाएगा।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद जारी किया गया है और इसका उद्देश्य पेंशन व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है।