रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खबर : अब रिजर्वेशन काउंटर पर भी मिलेगा 45 पैसे में 10 लाख का बीमा

रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खबर : अब रिजर्वेशन काउंटर पर भी मिलेगा 45 पैसे में 10 लाख का बीमा


🛑27 अक्टूबर से सभी जोनल रेलवे में लागू होगी ऑप्शनल ट्रैवल इंश्योरेंस स्कीम, दुर्घटना में मृत्यु या पूर्ण विकलांगता पर मिलेगा 10 लाख रुपये तक का कवर

सीजी न्यूज ऑनलाइन 25 अक्टूबर 2026। रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर से कन्फर्म या आरक्षित टिकट खरीदने वाले यात्रियों को भी ऑनलाइन टिकट बुकिंग की तरह वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना (OTIS) का लाभ मिल सकेगा। रेलवे बोर्ड ने यह सुविधा 27 अक्टूबर 2026 से सभी जोनल रेलवे में लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।

रेलवे बोर्ड का यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट के 6 अक्टूबर के आदेश के अनुपालन में लिया गया है। इसके तहत सभी जोनल रेलवे को यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) के काउंटरों पर इस योजना को लागू करने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया है।

सिर्फ 45 पैसे में मिलेगा बीमा कवर

इस योजना के तहत यात्री टिकट बुक करते समय मात्र 45 पैसे का अतिरिक्त प्रीमियम देकर यात्रा बीमा का विकल्प चुन सकेंगे। बीमा पूरी तरह वैकल्पिक रहेगा। यानी यात्री चाहें तो इसका लाभ ले सकते हैं और चाहें तो इसे छोड़ सकते हैं।

दुर्घटना की स्थिति में कितना मिलेगा मुआवजा?

योजना के तहत निर्धारित शर्तों के अनुसार यात्रियों को निम्नलिखित बीमा सुरक्षा मिलेगी:

  • मृत्यु या पूर्ण स्थायी विकलांगता: 10 लाख रुपये तक।
  • आंशिक स्थायी विकलांगता: 7.5 लाख रुपये तक।
  • अस्पताल में इलाज का खर्च: 2 लाख रुपये तक।

टिकट बुकिंग के समय देना होगा विकल्प

रेलवे बोर्ड के निर्देश के मुताबिक, रिजर्वेशन काउंटर पर टिकट बुक करते समय कर्मचारियों को यात्रियों को इस बीमा सुविधा की जानकारी देनी होगी। बीमा चुनने वाले यात्रियों से 45 पैसे का प्रीमियम टिकट किराए के साथ ही लिया जाएगा।

बीमा पॉलिसी से संबंधित विवरण यात्रियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे जाएंगे। रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन ई-टिकट के लिए लागू बीमा योजना के मौजूदा नियम और शर्तें ही काउंटर से खरीदे गए आरक्षित टिकटों पर भी लागू होंगी।

इस फैसले से उन यात्रियों को भी कम प्रीमियम पर यात्रा के दौरान बीमा सुरक्षा चुनने का अवसर मिलेगा, जो ऑनलाइन टिकट बुक करने के बजाय रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर से टिकट खरीदते हैं।