सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 2 मार्च। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शराब व्यवसायी एवं ब्रिडको सेल्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अमनदीप ढल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। ED के अधिकारियों ने बताया कि ढल को पूछताछ के बाद बुधवार रात धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत हिरासत में ले लिया गया है और आज स्थानीय अदालत में पेश किए जाने की संभावना है, जहां ईडी उनकी रिमांड मांगेगी।
बता दें कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से दर्ज प्राथमिकी के अनुसार आम आदमी पार्टी (आप) के पदाधिकारी विजय नायर, मनोज राय, अमनदीप ढल और समीर महेंद्रू वर्ष 2021-22 के लिए दिल्ली सरकार की आबकारी नीति बनाने और उसे लागू करने में सक्रिय रूप से शामिल थे।
ईडी का धन शोधन मामला सीबीआई की प्राथमिकी पर ही आधारित है। प्रवर्तन निदेशालय इस मामले में अब तक दो आरोपपत्र दायर कर चुका है और ढल सहित कुल 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुका है। वर्ष 2021-22 के लिए दिल्ली सरकार की आबकारी नीति पिछले साल अगस्त में रद्द कर दी गई थी। बाद में दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने सीबीआई से सरकारी अधिकारियों, नौकरशाहों और शराब व्यापारियों द्वारा की गई कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच करने को कहा था। इस मामले में सीबीआई ने रविवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था।
बड़ी खबर – ED ने ब्रिडको सेल्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर को किया गिरफ्तार 🛑 अग्रिम कार्रवाई में जुटी टीम, आज ही कोर्ट में पेश करेगी

