छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बडी़ खलबली, टीएस बाबा की छिपी हुई नाराजगी फिर उभरी

<em>छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बडी़ खलबली, टीएस बाबा की छिपी हुई नाराजगी फिर उभरी</em>



🟦 कहा-“चुनाव के पहले अपने भविष्य को लेकर लेंगे बड़ा निर्णय”
सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 20 दिसंबर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर खलबली मचने की खबर आ रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने पार्टी छोड़ने के संकेत दिए हैं। कल सूरजपुर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव आने के पहले मैं अपने भविष्य को लेकर निर्णय लूंगा। पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि कार्यकर्ता उन्हें सीएम बनना देखना चाहते हैं। कैसे उन्हें मनाया जाएगा जिससे विधायक जीत कर आएँ? उन्होंने कहा कि ये तो कार्यकर्ताओं के ऊपर है, ये उनके मन की बात है। किस बात को लेकर वो काम करना चाहेंगे। चुनाव के आने के  पहले तक मैं अपने भविष्य को लेकर निर्णय लूंगा। अभी मैंने कुछ सोचा नहीं है।
गौरतलब हो कि टीएस बाबा के इस बयान से एक बार फिर उनकी छिपी हुई नाराजगी उभर आई है। छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री के फार्मूले को लेकर सूबे की सियासत गरमाते रही है। जो कि पिछले दिनों खुलकर सामने भी आ गई थी। सिंहदेव ने दिल्ली में डेरा डाल दिया था नतीजतन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी आलाकमान के सामने विधायकों की परेड तक करवा दी थी और आलाकमान को एक संदेश भी दे दिया था कि विधायकों का बहुमत उनके साथ है। इसके बावजूद सिंहदेव बार-बार यही कहते रहे हैं कि उन्हें उम्मीद है कि उनके साथ न्याय होगा हालांकि सिंहदेव ने यह भी साफ किया था कि वे बीजेपी में कभी नहीं जाएंगे।