बिग ब्रेकिंग – मतदान के पहले घंटे रिसाली क्षेत्र के मतदाताओं ने मारी बाजी, भिलाई पिछड़ा, दोपहर बाद बढ़ेगा आंकड़ा
भिलाई नगर, 20 दिसंबर। दुर्ग जिले के तीन निगम, एक पालिका व उतई नगर पंचायत के एक सीट पर मतदान शुरू हो गया है। आज सुबह तय समय पर 8 बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई लेकिन मतदान केन्द्रों में सुबह 10 बजे तक लोगों की आमद काफी कम रही। 10 बजे के बाद लोगों ने मतदान केन्द्रों में पहुंचना शुरू किया। अधिकारियों का कहना है दोपहर बाद मतदान केन्द्रों में भीड़ बढ़ने की संभावना है।
गौरतलब हो कि दुर्ग जिले में चुनाव के लिए सभी निकायों में 733 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से भिलाई में 463, रिसाली में 122, भिलाई चरौदा में 112 दल, जामुल में 35 व उतई में 1 मतदान केन्द्र बनाया गया है। इसके आलावा सभी मतदान केन्द्रों में 61 सेक्टर ऑफिसर की नियुक्ति की गई है जो मतदान पर अपनी निगरानी रखेंगे।
जिला कलेक्टर सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने रविवार को सभी मतदान दलों को रवाना कर सभी को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान मतदान दलों के साथ कलेक्टर ने काफी देर तक चर्चा भी की।
व3दित हो कि मतदान केन्द्रों में वोट देने वालों को भी काफी देर लग रही है। प्रदेश में इस बार इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन की जगह बेलेट पेपर से मतदान कराया जा रहा है इसके कारण लोगों को काफी इंतजार भी करना पड़ रहा है। लंबे समय बाद लोगों बैलेट पेपर से मतदान कर रहे हैं। इलेक्ट्रानिक मशीन की अपेक्षा बैलेट पेपर से वोटिंग में अतिरिक्त समय लग रहा है। मतदान दलों का भी मानना है कि इस प्रक्रिया में समय ज्यादा लग रहा है। साथ ही उम्मीद भी की जा रही है कि मतदान केन्द्रों की संख्या बढ़ने से मतदान के आंकड़ों में किसी प्रकार का असर नहीं होगा।
आज तीन नगर निगम भिलाई, रिसाली, भिलाई 3 चरोदा और एक नगर पालिका परिषद जामुल में सुबह 8 बजे से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान शुरू हो गया है। सुबह 9 बजे तक एक घंटे में मतदान का सबसे अधिक प्रतिशत रिसाली नगर निगम क्षेत्र में दर्ज किया गया है। यहां 3.64 फीसदी, भिलाई चरोदा में 2.25 और भिलाई में 1.52 फीसदी लोग मत का प्रयोग कर चुके हैं जबकि जामुल में सुबह 9 बजे तक 2.81 फीसदी मतदान हुआ है।

