Big Breaking : दुर्ग भिलाई और बस्तर में शेयर बाजार में रूपये लगाने के नाम पर 6 करोड़ ठगने वालों को गुजरात से दबोच लाई छत्तीसगढ़ पुलिस, पूछताछ जारी, हो सकता है बड़ा खुलासा

Big Breaking : दुर्ग भिलाई और बस्तर में शेयर बाजार में रूपये लगाने के नाम पर 6 करोड़ ठगने वालों को गुजरात से दबोच लाई छत्तीसगढ़ पुलिस, पूछताछ जारी, हो सकता है बड़ा खुलासा



भिलाई नगर, 17 सितंबर। छत्तीसगढ़ पुलिस ने शेयर बाजार में रूपये लगवाने के नाम पर लगभग 6 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले 4 लोगों को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बस्तर, दुर्ग और भिलाई के कुछ लोगों से करीब 2 करोड़ 40 लाख रुपए की ठगी की है। बस्तर एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में और कई खुलासे हो सकते हैं।
आपको बता दें कि जगदलपुर के एक शख्स से 26 लाख 30 हजार रुपए ठगी हुई‌ तो उसने पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज करवाई। पकड़े गए आरोपियों का सारा कारोबार दुबई से चल रहा था लेकिन बस्तर पुलिस ने शातिरों के जाल का पर्दाफाश कर दिया। जगदलपुर के पीड़ित सेतराम साहू ने बताया कि सोशल मीडिया पर स्टॉक मार्केट से रिलेटेड उसने एक विज्ञापन देखा था, जिसके माध्यम से वह टीपीजीएएमसी स्टाक बिजनेस स्कूल्ड-109 नाम के वॉट्सऐप ग्रुप में जुड़ा। ग्रुप में जुड़ने के बाद शेयर बाजार में पैसे लगाकर हाई रिटर्न देने का दावा किया गया था। साथ ही निवेश के बाद कभी भी पैसे निकालने की बात कही गई थी। सेतराम साहू ने बताया कि मोबाइल में ऐप्लीकेशन टीपीजी एमएफ डाउनलोड करने कहा गया था। इसके बाद अकाउंट क्रिएट करवाया फिर स्टॉक मार्केट में इन्वेस्ट करने बोला। अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 26 लाख 30 रुपए का फर्जी निवेश कराकर ठगी की गई। पीड़ित ने बताया कि जब उसे ठगी का एहसास हुआ तो वह थाने पहुंचा। सेतराम साहू की शिकायत के बाद बोधघाट पुलिस ने मामला दर्ज किया। मामले की जांच की गई। पुलिस ने बैंक खाता, कंपनी का डाटा, मोबाइल नंबर समेत अन्य सोशल मीडिया अकाउंट ट्रैक किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठग गुजरात के किसी ठिकाने में मौजूद हैं नतीजतन अफसरों ने जवानों की एक टीम बनाई। टीम को गुजरात भेजा गया। सूरत, जामनगर से पुलिस ने यज्ञेश प्रवीण भाई (25 वर्ष), महेंद्र भीखू भाई (29 वर्ष), घनश्याम भाई भगवान भाई नरोला (33 वर्ष) और अजरिया अभिषेक जयंती भाई (26 वर्ष) को पकड़ा। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई और बस्तर इन तीन जगहों से कुल 2 करोड़ 39 लाख 20 हजार 657 रुपए की ठगी की है जबकि देश के अलग अलग हिस्सों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर कुल 6 करोड़ रुपए ठगे हैं। इनका मुख्य नेटवर्क दुबई से संचालित है। गुजरात के अलग-अलग जगहों से छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।