Big Breaking : बीएसपी एवं दुर्गापुर स्टील प्लांट को मिले नए डायरेक्टर इंचार्ज

Big Breaking : बीएसपी एवं दुर्गापुर स्टील प्लांट को मिले नए डायरेक्टर इंचार्ज


सीजी न्यूज ऑनलाइन 20 अप्रैल । पब्लिक एंटरप्राइजेज सिलेक्शन बोर्ड (PESB) द्वारा शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित साक्षात्कार प्रक्रिया के माध्यम से भिलाई स्टील प्लांट (BSP) और दुर्गापुर-बर्नपुर स्टील प्लांट्स (DSP-ISP) के लिए नए डायरेक्टर इंचार्ज का चयन किया गया। इस प्रक्रिया में देशभर की इस्पात कंपनियों से कुल 14 वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

साक्षात्कार के बाद बोकारो स्टील प्लांट में वर्तमान में अधिशासी निदेशक (वर्क्स) के पद पर कार्यरत चितरंजन महापात्र को भिलाई स्टील प्लांट का निदेशक प्रभारी नियुक्त करने की सिफारिश की गई है। वहीं, इस्को स्टील प्लांट, बर्नपुर में अधिशासी निदेशक (प्रोजेक्ट्स) पद पर कार्यरत सुरजीत मिश्रा दुर्गापुर स्टील प्लांट का निदेशक प्रभारी बनाए जाने की सिफारिश की गई है।

कुशल नेतृत्व से मिलेगी भिलाई को नई दिशा

“चितरंजन महापात्र को इस्पात उत्पादन, संयंत्र संचालन और तकनीकी प्रबंधन के क्षेत्र में दो दशकों से अधिक का समृद्ध अनुभव प्राप्त है। बोकारो स्टील प्लांट में उनके नेतृत्व में न केवल उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई, बल्कि संचालन कुशलता में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। यह अपेक्षा की जा रही है कि उनके कुशल नेतृत्व में भिलाई स्टील प्लांट को उत्पादन और दक्षता के नए आयाम प्राप्त होंगे।”

दुर्गापुर को परियोजनाओं को मिलेगी गति

“दूसरी ओर, सुरजीत मिश्रा ने इस्को स्टील प्लांट में कार्य करते हुए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक पूरा किया है। परियोजना प्रबंधन, तकनीकी कार्यान्वयन तथा औद्योगिक विकास के क्षेत्र में उन्हें गहरा अनुभव प्राप्त है। मिश्रा की नियुक्ति से दुर्गापुर और बर्नपुर संयंत्रों में संचालित परियोजनाओं को नई दिशा और गति मिलने की संभावना है।”

चयन प्रक्रिया में शामिल रहे ये वरिष्ठ अधिकारी

इस साक्षात्कार प्रक्रिया में जिन वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया, उनमें शामिल थे, ‘एस. सुब्बाराज (एलाय स्टील प्लांट, दुर्गापुर), दिप्तेंदु घोष (इस्को), प्रसन्न कुमार रथ (एसआरयू), संदीप कुमार कर (आरडीसीआईएस), बिपिन कुमार गिरी (माइंस), प्रबीर कुमार सरकार (सेलम स्टील प्लांट), पलाइ विश्वरंजन (राउरकेला), रमेश कुमार शेट्टी (एनएमडीसी बस्तर), अशोक कुमार मिश्रा (एनएमडीसी), ब्रजेश कुमार सिन्हा और शरद चंद्र चौधरी (मेकॉन), देबब्रत दत्ता, मनोज कुमार सिन्हा (आरआईएनएल) और पी. मुरूगेसन (दुर्गापुर)।’

PESB की यह अनुशंसा अब इस्पात मंत्रालय को भेजी जाएगी और अंतिम स्वीकृति के पश्चात दोनों अधिकारियों की नियुक्ति औपचारिक रूप से की जाएगी।