बडी़ कार्रवाई – मिलियन चौक से सुपेला फाटक तक अवैध कब्जे में संचालित कपड़े की 6 दर्जन दुकानें ढहाई गईं

बडी़ कार्रवाई – मिलियन चौक से सुपेला फाटक तक अवैध कब्जे में संचालित कपड़े की 6 दर्जन दुकानें ढहाई गईं


बडी़ कार्रवाई – मिलियन चौक से सुपेला फाटक तक अवैध कब्जे में संचालित कपड़े की 6 दर्जन दुकानें ढहाई गईं

भिलाई नगर, 15 जून। बीएसपी प्रबंधन ने अवैध कब्जा धारकों पर कार्रवाई के लिए लगातार अभियान चलाने मोर्चा खोल रखा है। पिछले दिनों सिविक सेंटर के कब्जे ढहाने के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने कब्जेधारियों का पक्ष लेते हुए उन्हें फिर दुकान लगाने कह दिया था लेकिन ऐसे किसी विरोध और समर्थन को दरकिनार करते हुए आज मिलियन चौक से सुपेला फाटक तक बनी लगभग 72 कपड़ा मार्केट दुकान जेसीबी लगा कर बेदखल कर दी गईं। आज सुबह बीएसपी के नगर सेवाएं विभाग के डीजीएम केके यादव की अगुवाई में अब तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है। 

बीएसपी अमला भारी पुलिस बल के साथ सुबह 5 बजे से 25 मिलियन चौक पहुंच गया था। अतिक्रमण दस्ता ने जेसीबी लगा कर सुबह 10 बजे तक सुपेला फाटक तक स्थित 72 बेजा कब्जा दुकानों को जमींदोज कर दिया।

बीएसपी के नगर सेवाएं विभाग ने कार्रवाई के दौरान बताया कि सड़क तक बेजा कब्जा दुकानें लगा लेने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। सेक्टर 6 चौक पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं भी हो रही थीं, इसके लिए बीएसपी ने संपदा न्यायालय अनुमति ली और उसके बाद यह कार्रवाई की है। कार्यपालक मजिस्ट्रेट और भट्टी थाना पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क किनारे लगी सभी छोटी बड़ी दुकानों को तोड़ दिया गया है। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाया। 

विदित हो कि बीएसपी के नगर सेवाएं विभाग ने टाउनशिप के मेन मार्केट सिविक सेंटर के बाद यह दूसरी सबसे बड़ी कार्रवाई की है। इससे पहले 6 जून को बीएसपी के तोड़ फोड़ दस्ता ने सिविक सेंटर में कार्रवाई कर नेहरू आर्ट गैलरी के बगल में स्थित 17 अवैध दुकानों को तोड़ा था। बीएसपी ने कार्रवाई से पहले इन दुकानदारों को कब्जा हटाने का नोटिस दिया था इसके बावजूद भी जब कब्जा नहीं हटा तो इस पर कार्रवाई करते हुए दोबारा कब्जा न हो इसके लिए जेसीबी से गहरा गड्ढा खोद दिया गया। बताया गया है कि सिविक सेंटर की यह जमीन 18 करोड़ से भी अधिक कीमत की बताई जा रही है। इन कब्जाधारकों के पक्ष में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र खुलकर आए थे, लेकिन उनकी चेतावनी के बाद भी बीएसपी ने कार्रवाई नहीं रोकी।

गौरतलब हो कि इसी तरह सेक्टर 6 चौक से सुपेला फाटक तक दाहिने हाथ में पूरी क्षेत्र अवैध कपड़ा मार्केट बन गया था। सड़क किनारे दुकान लगने और खरीदारों वाहन पार्क करने से ट्रैफिक जाम हो रहा था। इसके साथ ही सेक्टर 6 चौक के पास भी फल और कुछ गुमटी वालों ने भी अतिक्रमण कर रखा था।सेक्टर 6 मस्जिद से लेकर सुपेला फाटक तक काफी संख्या में लोगों ने कब्जा कर रखा था। बीएसपी ने इन सभी की दुकानों को तोड़कर इस रोड को बेजा कब्जा मुक्त कर दिया है। नगर सेवाएं विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि इसके बाद दोबारा फिर से यहां अतिक्रमण करने की कोशिश की गई तो बीएसपी उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई करेगा।