भूपेश सरकार गोबर-गोमूत्र से बना रही है अमृत-रत्नावली, कांग्रेस मुख्यालय में वेणुगोपाल को दी जानकारी

भूपेश सरकार गोबर-गोमूत्र से बना रही है अमृत-रत्नावली, कांग्रेस मुख्यालय में वेणुगोपाल को दी जानकारी



भिलाई नगर, 6 सितंबर। अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण सदस्य, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव रत्नावली कौशल ने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के समक्ष भूपेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री गोबर और गोमूत्र से किसानों के लिए अमृत बनाने के कार्य को अंजाम देने में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की दशा दिशा और वहां के रहवासियों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए दूरगामी परिणाम देने वाली योजनाएं बनाईं एवं उनका प्रभावी क्रियान्वयन आरंभ किया है। किसानों, मजदूरों, महिलाओं, वनवासियों, युवाओं, अनुसूचित जाति के लोगों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, पशुधन, लघु व मध्यम उद्योगों के समग्र उत्थान के लिए दूरगामी योजना एवं कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं। इन योजनाओं और कार्यक्रमों के चलते छत्तीसगढ़ के हर वर्ग के लोगों का जीवन स्तर तेजी से ऊंचा उठ रहा है। लोगों की आमदनी में काफी इजाफा हुआ है। सुश्री कौशल ने श्री वेणुगोपाल के समक्ष भूपेश बघेल सरकार की गोधन न्याय योजना का विशेष उल्लेख किया। किसानों एवं पशुपालको से उनके गोवंश का गोबर एवं ₹4 प्रति लीटर की दर से गोमूत्र खरीदने का काम शुरू किया है। श्री बघेल के मार्गदर्शन में गोबर से जैविक खाद, दीपक व अन्य उपयोगी चीजों तथा गोमूत्र से कीटनाशक का निर्माण कर किसानों को किफायती दर पर कीटनाशक मुहैया कराया जा रहा है। छत्तीसगढ़ ऐसा सराहनीय पहल करने वाला देश का पहला राज्य है, इस पहल के चलते जहां कृषि उपजों की गुणवत्ता में सुधार हो रहा है, वही कृषि पर लागत काफी कम हुई है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को बढ़ी हुई बोनस राशि की अंतर राशि का भुगतान किया जा रहा है, इससे किसानों में कांग्रेस के प्रति विश्वास एवं आस्था और भी मजबूत हुई है। रत्नावली कौशल ने श्री वेणुगोपाल को भूपेश बघेल सरकार की अन्य योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी एवं छत्तीसगढ़ के लोगों में कांग्रेस के प्रति बढ़ रहे लगाव से अवगत कराया। वेणुगोपाल, भूपेश सरकार के इन अनूठे एवं लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों एवं योजनाओं के बारे में जान कर खासे प्रभावित नजर आए। उन्होंने बघेल सरकार की योजनाओ तथा कांग्रेस की विचारधारा को छत्तीसगढ़ में जन जन तक पहुंचाने की बात रत्नावली कौशल से कही है।