भिलाई के आदित्य को नेशनल यूथ फेस्टिवल में स्वर्ण पदक, 125 विश्वविद्यालयों की टीम के मध्य हुई स्पर्धा में हासिल की उपलब्धि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय करेगा सम्मानित
दुर्ग 1 मार्च । जैन विश्वविद्यालय बंगलुरू में 24 से 28 फरवरी तक आयोजित नेशनल यूथ फेस्टिवल में भाग लेने वाली हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हैं। इस टीम के सदस्य भिलाई नायर समाजम काॅलेज, सेक्टर 08 भिलाई के बीकाॅम तृतीय वर्ष के छात्र आदित्य ने अपनी सहयोगी बीकाॅम तृतीय वर्ष की छात्रा कुमारी समप्रीत कौर वालिया के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समूचे देश में 125 विश्वविद्यालय के बीच आयोजित मेहंदी रचाओं प्रतियोगिता में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि साउथ ईस्ट जोन स्तर की प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने के पश्चात् विश्व विद्यालय की टीम नेशनल यूथ फेस्टिवल में मेंहदी, रंगोली तथा कोलाज मेकिंग विधा में हिस्सा लिया था। कल 28 फरवरी को जैन विश्वविद्यालय बंगलुरू में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में आदित्य को लगभग दो हजार से अधिक प्रतिभागियों एवं टीम मैनेजर के समक्ष स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया कि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की टीम ने मेहंदी के अलावा रंगोली तथा कोलाज मेकिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। इस टीम के मैनेजर के रूप में श्री शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी के वाणिज्य के सहायक प्राध्यापक, डाॅ. संदीप जसवंत तथा भिलाई नायर समाजम सेक्टर 08 भिलाई की कम्प्यूटर साइंस की सहायक प्राध्यापक, कुमारी करूणा यादव भी पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान उपस्थित थें।
डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया कि नेशनल यूथ फेस्टिवल में 125 विश्वविद्यालय की टीमों ने हिस्सा लिया था। जिनमें प्रतिभागियों की कुल संख्या 2175 थीं। इसमें उत्तर, दक्षिण, पूर्व एवं पश्चिम तथा मध्यजोन की टीमें शामिल हैं। छत्तीसगढ़ से पं. रवि शंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर, इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ की टीमें भी हिस्सा ली थी। विष्वविद्यालय की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा एवं कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप ने विश्वविद्यालय के छात्र आदित्य को नेशनल यूथ फेस्टिवल में स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर बधाई देते हुए कहा कि आदित्य की यह उपलब्धि आने वाले वर्षों में दूसरे छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी। आदित्य की सहयोगी समप्रीत कौर वालिया को भी विष्वविद्यालय के सभी अधिकारियों ने बधाई दी। डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा अगामी सप्ताह में स्वर्ण पदक विजेता आदित्य का सम्मान विष्वविद्यालय की कुलपति द्वारा टैगोर हाॅल में आयोजित समारोह में किया जायेगा। इसी समारोह के दौरान साउथ ईस्ट जोन यूथ फेस्टिवल में शामिल होने वाली हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की टीम के प्रत्येक सदस्य को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जायेगा।

