रायपुर की इंडोरेंस स्टेट स्केटिंग चैंपियनशिप में भिलाई का जलवा

रायपुर की इंडोरेंस स्टेट स्केटिंग चैंपियनशिप में भिलाई का जलवा


🛑40 खिलाड़ियों ने जीते 50 से ज्यादा मेडल

भिलाईनगर, 18 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित इंडोरेंस स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में भिलाई के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। रायपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 500 से अधिक स्केटर्स ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बिगिनर से लेकर एडवांस लेवल तक के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला।

इस चैंपियनशिप में भिलाई के स्केटिंग क्लब इंफर्निटी (Infinity) के 40 से अधिक खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 से ज्यादा मेडल अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्लब और भिलाई का नाम रोशन हुआ।

छत्तीसगढ़ रोलर स्केट एसोसिएशन के सचिव दलजीत सिंह और कोच अजीत सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जनवरी में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप के लिए किया गया है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और प्रदर्शन की सराहना करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर परिणाम की उम्मीद जताई।

वहीं, पदक जीतने वाले बच्चों ने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास है। स्टेट चैंपियनशिप में मेडल जीतने से उनका उत्साह बढ़ा है। अब वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए और अधिक मेहनत करेंगे, ताकि नेशनल चैंपियनशिप में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

भिलाई के स्केटर्स की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के दम पर खिलाड़ी राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं।