🔴शेयर मार्केट निवेश के नाम पर इंजीनियर बना शिकार
भिलाई नगर 13 अप्रैल 2026। भिलाई निवासी एक इंजीनियर को शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 16.66 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर वैशाली नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वैशाली नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शांतिनगर भिलाई निवासी 46 वर्षीय राजनारायण पाण्डेय, जो मुंबई स्थित एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर हैं, को इंस्टाग्राम आईडी rajn.pandey पर एक लिंक भेजकर व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया। ग्रुप में खुद को “व्हीआईपी एग्जीक्यूटिव सर्विस” बताने वाले एडमिन द्वारा उन्हें एक ऐप के माध्यम से शेयर मार्केट में निवेश करने का लालच दिया गया।
आरोपियों ने अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाते हुए अलग-अलग खातों और यूपीआई आईडी में रकम जमा कराई। पीड़ित ने 22 जनवरी से 18 फरवरी 2026 के बीच एनईएफटी, आरटीजीएस और यूपीआई के माध्यम से कुल 16,66,000 रुपये विभिन्न व्यक्तियों और कंपनियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
जब पीड़ित ने 2 मार्च को अपनी राशि निकालने की कोशिश की, तो उससे और पैसे जमा करने की मांग की गई। संदेह होने पर उसने लेन-देन और संपर्क बंद कर दिया, तब जाकर उसे ठगी का अहसास हुआ।
अज्ञात के खिलाफ वैशाली नगर थाने में अपराध दर्ज
पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी दर्ज कराई, जिसके बाद वैशाली नगर थाना में लिखित आवेदन दिया गया। पुलिस ने आरोपी मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0141/26 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कई खातों में ट्रांसफर कराए गई रकम
ठगों ने शक से बचने के लिए अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी का इस्तेमाल किया। पीड़ित ने अपनी पत्नी के आईडीएफसी बैंक खाते और अपने खाते से कुल 16,66,000 रुपए ट्रांसफर किए।
▪️22 जनवरी 2026: एचआर ट्रेडर्स (कोटक महिंद्रा बैंक) को ₹5,000
▪️23 जनवरी: रेशमी कुमारी (यूपीआई) को ₹80,000
▪️28 जनवरी: सोनू (यूपीआई) को ₹20,000
▪️30 जनवरी: अंकित कुमार (यूपीआई) को ₹41,000
▪️6 फरवरी: गुरमीत कौर (यूपीआई) को ₹80,000
▪️11 फरवरी: नेहा प्रवीण (यूपीआई) को ₹60,000
▪️14 फरवरी: गोपाल (यूपीआई) को ₹1,00,000
▪️15 फरवरी: गोपाल (यूपीआई) को ₹80,000
▪️18 फरवरी: ट्रेंडोरा तव्यास ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड (आरटीजीएस) को ₹10,00,000
▪️18 फरवरी: वाईडी एंटरप्राइजेज (आरटीजीएस) को ₹2,00,000
पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया या अनजान लिंक के जरिए निवेश संबंधी ऑफर से सतर्क रहें। किसी भी प्रकार के लालच या दबाव में आकर पैसा ट्रांसफर न करें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में सूचना दें।

