भिलाई के कॉलेज छात्र ने हॉस्टल में लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस

भिलाई के कॉलेज छात्र ने हॉस्टल में लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस


भिलाईनगर, 21 जून 2026। भिलाई के सेक्टर-7 स्थित महाराणा प्रताप भवन छात्रावास में रहने वाले एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि मृतक की पहचान निखिल पौसार्य (19) पिता प्रहलाद पौसार्य निवासी पंडरिया, जिला कबीरधाम के रूप में हुई है। निखिल भिलाई में रहकर पढ़ाई कर रहा था और सेक्टर-6 स्थित साईं महाविद्यालय में बीएससी बायो प्रथम वर्ष का छात्र था। वह पिछले लगभग एक वर्ष से भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित महाराणा प्रताप भवन छात्रावास में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह काफी देर तक निखिल अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। इस पर छात्रावास के अन्य छात्रों को संदेह हुआ। उन्होंने इसकी सूचना क्षत्रिय कल्याण सभा के पदाधिकारियों और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा गया।

दरवाजा खुलने पर निखिल का शव कमरे के अंदर पंखे से फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार छात्रावास में सामान्यतः एक कमरे में दो छात्र रहते हैं, लेकिन दूसरे छात्र के नहीं होने के कारण निखिल अकेले कमरे में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

भिलाई नगर के सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि घटना वाली रात कुछ छात्रों ने निखिल से उसके कमरे में रुकने की बात कही थी, लेकिन उसने मना कर दिया था और अकेले रहने की इच्छा जताई थी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल जांच के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल भिलाई नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।