भिलाई ब्रेकिंग : पतंग के मांझे से गला काटने से भिलाई में राजनांदगांव के युवक की मौत, 4 साल का मासूम घायल, बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था बाइक से युवक, जीआरपी ने शुरू की जांच

<em>भिलाई ब्रेकिंग : पतंग के मांझे से गला काटने से भिलाई में राजनांदगांव के युवक की मौत, 4 साल का मासूम घायल, बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था बाइक से युवक, जीआरपी ने शुरू की जांच</em>


भिलाई नगर 22 जनवरी। जीआरपी चरोदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जी केबिन चरोदा में पतंग के मांझे से गला कटने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक 4 साल के रिश्तेदार बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। 4 साल का मासूम भी सड़क पर गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया है। भिलाई में पतंग के मांझे से गला काटने के कारण पहली बार कोई मौत हुई है। मृतक युवक थाना गेंदाटोला राजनांदगांव का रहने वाला था।

जीआरपी चरोदा चौकी प्रभारी गोपी सिंह पैंकरा ने बताया कि मृतक युवक ग्राम वेदरगोंदी गेंदाटोला राजनांदगांव निवासी अजय कुमार तांडेकर पिता चंद्रशेखर तांडेकर 18 वर्ष जी केबिन चरोदा निवासी रिश्तेदार के घर पर आया हुआ था। आज सुबह 10:00 बजे के करीब अजय 4 साल के मासूम विहान को बाइक से स्कूल छोड़ने जा रहा था। जीकेबिन चरोदा के मुख्य मार्ग पर गणेश मंदिर के पास जैसे ही पहुंचा वहां पर कुछ लड़के पतंग बाजी रहे थे। तभी वहां से गुजर रहे अजय के गले में पतंग का मांझा फस गया । जिसके कारण अजय एवं बिहान दोनों ही बाइक से नीचे गिर गए। पतंग के मांझे के कारण अजय का गला कट गया था । घायल अजय एवं विहान को पुलिस ने आसपास की लोगों की सहायता से 108 एम्बुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला ले जाया गया। परंतु स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया जहां अजय कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। बिहान गंभीर रूप से घायल है।
डॉक्टरों का कहना है कि मांझे से गला कटने से खून काफी बह गया था। इसके चलते युवक को बचाना मुश्किल था। जीआरपी चरोदा ने बताया कि पंचनामा कार्यवाही के बाद परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी में रखवा दिया गया है।