भिलाई नगर 15 नवंबर । भिलाई-3 थाना क्षेत्र के ग्राम अकलोरडीह के खुले मैदान में आज सुबह मानव कंकाल मिला है। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को एक बोरे में भरकर फारेंसिक लैब रायपुर भेज दिया। मृतक की शिनाख्त करने आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों को खंगाला जा रहा है।

भिलाई तीन पुलिस ने बताया कि अकलोरडीह गांव के बाहर खुले मैदान पर मानव शरीर का कंकाल मिलने से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। सूचना पर भिलाई-3 पुलिस की टीम वहां पहुंची। जिस जगह पर कंकाल मिला है वहां पर शव दफन नहीं किया जाता। इसलिए पुलिस इसे संदिग्ध मामला मानकर जांच में जुट गई है।कंकाल के पुरुष अथवा महिला होने की पुख्ता जानकारी के लिए फारेंसिक जांच होगी। वहीं कंकाल का डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा। इससे पहले पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों को भी खंगाल रही है। ताकि अभी तक की पहचान की जा सके एवं मामले की गुत्थी को सुलझाया जा सके।


