भिलाईनगर, 03 अप्रैल 2026। भिलाई के नेवई थाना क्षेत्र में रेलवे में नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नेवई पुलिस के अनुसार, स्टेशन मरोदा बीआरपी कॉलोनी निवासी खिलेश्वर साहू ने शिकायत दर्ज कराई है कि ग्राम खोरपा पाटन निवासी सतीश कुमार मरकाम ने उसे रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने खुद को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर में वेल्डर ग्रेड-3 पद पर कार्यरत बताते हुए बड़े अधिकारियों से पहचान होने का दावा किया।
7 लाख रुपये लेकर दिया झांसा
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने 10 फरवरी 2022 को उसके घर आकर अपनी पत्नी की उपस्थिति में ₹7,00,000 नगद लिए और 7 माह के भीतर नौकरी दिलाने या रकम वापस करने का वादा किया।
गारंटी के तौर पर दिए चेक
रकम लेते समय आरोपी ने यूनियन बैंक पाटन शाखा के तीन कोरे चेक (क्रमांक 008552, 008553, 008554) गारंटी के रूप में दिए थे।
टालमटोल करता रहा आरोपी
समय बीतने के बाद जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी लगातार बहाने बनाकर टालमटोल करता रहा। बाद में 28 जुलाई 2023 को आरोपी ने लिखित इकरारनामा भी दिया, जिसमें रकम लेने की बात स्वीकार की।
रकम हड़पने की नीयत का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि अब आरोपी पैसे लौटाने की नीयत नहीं रखता और उसकी रकम हड़पने की कोशिश कर रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
नेवई थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 0197/26 के तहत आरोपी सतीश कुमार मरकाम के खिलाफ धारा 420 भारतीय दंड संहिता (IPC) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जांच जारी
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

