🛑 नतीजान भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन को करना पड़ा जनहित में कार्य
भिलाई नगर 18 मार्च । भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने मंगलवार को ट्रांसपोर्ट नगर की पुलिया की मरम्मत का कार्य स्वयं के संसाधनों से संपन्न किया है। यह पुलिया तांदुला नहर पर स्थित है, जो औद्योगिक क्षेत्र भिलाई और हथखोज, ट्रांसपोर्ट नगर को जोड़ती है। पुलिया की स्थिति लंबे समय से जर्जर थी, जिससे भारी वाहनों और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जिले के सभी जनप्रतिनिधि जिला प्रशासन एवं संबंधित शासकीय विभाग पुलिया की जर्जर स्थिति से अवगत थे लगातार प्रभावित पीड़ितों की शिकायत के बाद भी वर्षों से इस समस्या के समाधान के लिए कोई कार्यवाही नहीं की गई। अंततः सामाजिक हित में सामाजिक सरोकार रखने वाली संस्था भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने पहल करते हुए स्वयं के संसाधनों से संधारण कार्य किया।
भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि भिलाई नगर निगम और छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा समय पर मरम्मत न होने के कारण एसोसिएशन ने स्वयं इस कार्य को करने का निर्णय लिया। एसोसिएशन के पदाधिकारी प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक और दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक मरम्मत कार्य में सक्रिय रूप से शामिल रहे। यह पहल एसोसिएशन की सामाजिक जिम्मेदारी और समुदाय के प्रति समर्पण को दर्शाती है। एसोसिएशन ने बीएसपी प्रबंधन के साथ बैठक कर बोरिया गेट में पार्किंग की व्यवस्था, वीटीएस की कमी, सप्लाई की छोटी गाड़ियों के लिए अलग गेट की व्यवस्था तथा सभी गाड़ियों के सुव्यवस्थित आवागमन के लिए चर्चा की। बीएसपी प्रबंधन ने पार्किंग के लिए स्थान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एसोसिएशन के सहयोग की अपेक्षा की। इन सभी प्रयासों से स्पष्ट होता है कि भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन न केवल अपने सदस्यों के हित में बल्कि समाज की भलाई के लिए भी सक्रिय रूप से कार्यरत है। उनकी यह प्रतिबद्धता अन्य संगठनों के लिए प्रेरणास्रोत है और समाज में सहयोग और सद्भावना की भावना को प्रोत्साहित करती है।

