🛑 नगरी निकाय एवं पंचायत चुनाव के पहले संगठन में बड़ा परिवर्तन करेगी पार्टी
सीजी न्यूज ऑनलाइन 14 जनवरी । छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने नगरी निकाय एवं पंचायत चुनाव के पहले तीन जिला अध्यक्ष को बदल दिया है। हाई कमान की स्वीकृति के बाद जिलाध्यक्षों की पहली सूची जारी कर दी है। रविवार देर रात पार्टी ने रायगढ़, मुंगेली और बस्तर (ग्रामीण) जिले के नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की।

जारी आदेश के मुताबिक, बस्तर ग्रामीण से प्रेमशंकर शुक्ला, रायगढ़ ग्रामीण में नागेन्द्र नेगी और मुंगेली में घनश्याम वर्मा को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। यह आदेश दिल्ली से जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल ने जारी किया है।
पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच इस घोषणा को लेकर उत्साह और चर्चा का माहौल है। वहीं, अन्य जिलों में नियुक्तियों को लेकर भी कार्यकर्ताओं की निगाहें टिकी हुई हैं।
पार्टी के भीतर बड़े नेताओं के दबाव और उनके चहेतों की दावेदारी के चलते इन नियुक्तियों पर खास नजर रखी जा रही है।
दरअसल, नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस अपने संगठन में बड़ा बदलाव करने वाली है। प्रदेश में शहर और ग्रामीण मिलाकर 30 से ज्यादा जिलाध्यक्ष बदले जाएंगे। इसमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, धमतरी जैसे जिले शामिल है। संगठन के खाली पदों पर भी नियुक्तियां हो सकती हैं।
कई जिलाध्यक्षों का कार्यकाल पूरा, कई सुस्त
कांग्रेस और आक्रामक मोड़ पर आना चाहती है। इसके लिए प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट से परिवर्तन को लेकर मुहर लग गई है। निकाय चुनाव के पहले कांग्रेस लगातार सड़क की लड़ाई लड़ने की रणनीति बना रही है। इसलिए आक्रामक छवि वाले नेताओं की जरूरत पार्टी मान रही है।
यही वजह है कि निष्क्रिय और पुराने ऐसे जिलाध्यक्ष जिनका कार्यकाल पूरा हो चुका है, उन्हें बदला जा रहा है। पार्टी बदलाव के जरिए एक बार फिर से नाराज कार्यकर्ताओं को साधना चाहती है। पार्टी को यह लगता है कि, नए चेहरों के साथ कार्यकर्ता नए सिरे से रिचार्ज होंगे। साथ ही पार्टी के भीतर मोनोपोली भी खत्म हो सकेगी।

