बार संचालक ने पुलिस जवान की पकड़ी कॉलर, की झूमाझटकी , सरकारी कार्य में पहुंचाई बाधा

बार संचालक ने पुलिस जवान की पकड़ी कॉलर, की झूमाझटकी , सरकारी कार्य में पहुंचाई बाधा


🔴रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान हुआ विवाद, मोहन नगर थाने में मामला दर्ज

दुर्ग, 13 जुलाई 2026 । दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस जवान से अभद्रता, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गोल्डन बार के संचालक भास्कर देवांगन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, आरक्षक कमलेश यादव 11 जुलाई की रात 9 बजे से 12 जुलाई की सुबह 9 बजे तक पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात थे। रात्रि ब्रीफिंग के बाद पुलिस टीम ने भिलाई और दुर्ग क्षेत्र के विभिन्न बारों की जांच की। अजंता बार और एपिक्योर बार की जांच के बाद टीम मोहन नगर स्थित गोल्डन बार पहुंची।

पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और झूमाझटकी का आरोप

पुलिस का आरोप है कि गोल्डन बार के बाहर खड़े एक व्यक्ति से देर रात वहां मौजूद रहने के संबंध में पूछताछ की गई। उसने अपना नाम भास्कर देवांगन बताते हुए स्वयं को बार संचालक बताया और पुलिस से विवाद करने लगा। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों के साथ अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा आरक्षक कमलेश यादव की वर्दी की कॉलर पकड़कर झूमाझटकी की, जिससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

आरक्षक कमलेश यादव की लिखित शिकायत पर मोहन नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 490/2026 दर्ज किया है। आरोपी भास्कर देवांगन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 132, 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।