कमीशन के लालच में साइबर ठगों को दिए बैंक खाते, दुर्ग पुलिस ने 13 को पकड़ा

कमीशन के लालच में साइबर ठगों को दिए बैंक खाते, दुर्ग पुलिस ने 13  को पकड़ा


🛑6 थानों और ACCU की संयुक्त कार्रवाई में म्यूल बैंक खातों का खुलासा, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड जब्त

दुर्ग, 21 अक्टूबर 2026। साइबर ठगी की रकम बैंक खातों के जरिए इधर-उधर करने वाले लोगों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जिले के छह थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 13 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। जांच में सामने आया कि आरोपी 5 हजार से 15 हजार रुपये तक के कमीशन के लालच में अपने या अन्य लोगों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा रहे थे। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 21 अक्टूबर को यह संयुक्त कार्रवाई की गई। इसमें थाना नेवई, पुरानी भिलाई, भिलाई भट्ठी, भिलाई नगर, सुपेला और खुर्सीपार पुलिस के साथ एसीसीयू की टीम शामिल रही।

कमीशन के बदले बैंकिंग दस्तावेज किए उपलब्ध

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी कमीशन या अन्य आर्थिक लाभ के लालच में बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड दूसरे व्यक्तियों को उपलब्ध करा रहे थे। इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन और हस्तांतरण में किया जा रहा था। बैंक खातों के विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों की जांच में लाखों रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है।

पुलिस ने संबंधित खाताधारकों की भूमिका की जांच करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। इस दौरान बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

किस थाना क्षेत्र से कितने आरोपी गिरफ्तार?

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में थाना नेवई क्षेत्र से चार आरोपी प्रेक्षित कामड़े, सत्यवान नायक, रैय्या माधव राव और रमेश कुमार कुर्रे को पकड़ा गया।

थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र से विनोद कश्यप, भावेश उइके और ऋषभ यादव सहित तीन आरोपी कार्रवाई की जद में आए। वहीं, थाना भिलाई भट्ठी क्षेत्र से कुलेश्वर ठाकुर को पकड़ा गया।

थाना भिलाई नगर क्षेत्र से गगनदीप सिंह और अनिश अग्रवाल, जबकि थाना सुपेला क्षेत्र से आनंद शंकर और नितिन वालेचा के विरुद्ध कार्रवाई की गई। थाना खुर्सीपार क्षेत्र से हिमांशु गोडांने उर्फ कालू को पकड़ा गया, जिसे पुलिस ने इंडियन बैंक का एजेंट बताया है।

इस तरह छह थाना क्षेत्रों में कुल 13 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

इन अपराधों में दर्ज हैं मामले

पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज प्रकरणों के तहत कार्रवाई की है। इनमें थाना नेवई का अपराध क्रमांक 306/2026, पुरानी भिलाई का 258/2026, भिलाई भट्ठी का 63/2026, भिलाई नगर का 388/2026, सुपेला के अपराध क्रमांक 679/2026 एवं 1321/2026 और खुर्सीपार का अपराध क्रमांक 272/2026 शामिल हैं। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) के तहत अपराध दर्ज हैं।

दुर्ग पुलिस की अपील: बैंक खाता किसी को न दें

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, बैंकिंग संबंधी जानकारी या मोबाइल सिम कार्ड किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें। ऐसे खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने और हस्तांतरित करने में हो सकता है, जिससे खाताधारक भी जांच और कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।

पुलिस ने कहा है कि बैंक खाते के दुरुपयोग की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित बैंक और नजदीकी थाने को सूचित करें। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

दुर्ग पुलिस का संदेश: आपका बैंक खाता, आपकी जिम्मेदारी। कमीशन के लालच में अपने खाते को साइबर अपराध का माध्यम न बनने दें।