दुर्ग, 14 अप्रैल 2026। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग द्वारा आज अग्निशमन दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने शहीद अग्निशमन कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर भव्य रैली का शुभारंभ किया।
अग्निशमन कार्यालय दुर्ग से निकली रैली में फायर ब्रिगेड के सभी वाहनों ने हिस्सा लिया। रैली शहर के प्रमुख स्थानों—जेल तिराहा, इंदिरा मार्केट, नेहरू नगर मार्केट और सेक्टर एरिया—से होते हुए निकाली गई, जहां आम लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

रैली के दौरान नागरिकों को घरों में छोटे आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशामक यंत्र रखने और उसके उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों में फायर सिस्टम एवं सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से लगाने की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में रैली पुनः अग्निशमन कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

इसके साथ ही 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक जिलेभर में फायर डेमो कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, अपार्टमेंट, बाजार, घनी आबादी वाले क्षेत्र और फैक्ट्रियों में आग से बचाव एवं आपातकालीन स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम में अग्निशमन सहायक प्रभारी एफ. प्रवीण बारा, सहायक स्टेशन प्रभारी संतोष पाण्डेय, नगर सेना प्रभारी श्यामलाल देशमुख, कन्हैया साहू, एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव, ईश्वर खरे सहित अग्निशमन एवं एसडीआरएफ की पूरी टीम उपस्थित रही।

